आईसीसी ने टी20 विश्व कप के आयोजन पर कहा, उचित समय पर फैसला लेंगे
टी20 विश्व कप का आयोजन 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक आस्ट्रेलिया में किया जाना है लेकिन इस वैश्विक संकट के कारण सभी खेल प्रतियोगितायें या तो स्थगित हो रही हैं या रद्द हो रही हैं जिससे इस टूर्नामेंट के आयोजन पर भी अनिश्चितता बनी हुई है।
मेलबर्न, 17 अप्रैल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने कहा कि वह कोविड-19 महामारी के चलते टी20 विश्व कप पर फैसला लेने के लिये जल्दबाजी में नहीं हैं और अपनी व्यापक आपात योजना के अंतर्गत सभी विकल्पों की तलाश में जुटा है।
टी20 विश्व कप का आयोजन 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक आस्ट्रेलिया में किया जाना है लेकिन इस वैश्विक संकट के कारण सभी खेल प्रतियोगितायें या तो स्थगित हो रही हैं या रद्द हो रही हैं जिससे इस टूर्नामेंट के आयोजन पर भी अनिश्चितता बनी हुई है।
आस्ट्रेलिया ने इस बीमारी से बचने के लिये अपनी सीमायें सील की हुई हैं और यात्रा पर पांबदी लगायी हुई है। ऐसी अटकलें लगायी जा रही है कि टी20 विश्व कप को भी अगले साल स्थगित किया जा सकता है या फिर इसे खाली स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा।
आईसीसी प्रवक्ता ने ‘स्काईस्पोर्ट’ से कहा, ‘‘हम आईसीसी टूर्नामेंटों के लिये अपनी योजना जारी रखे हैं लेकिन तेजी से पैदा होते हुए हालात को देखकर हम व्यापक आपात योजना भी बना रहे हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोविड-19 से संबंधित पैदा होने वाली स्थितियों के आधार पर सभी उपलब्ध विकल्पों की तलाश करना है। ’’
टी20 विश्व कप अभी छह महीने दूर है और आईसीसी ने कहा कि वह आस्ट्रेलियाई सरकार सहित अपने सभी हितधारकों से विचार विमर्श करके ही फैसला करेगा।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम अपने विशेषज्ञों और अधिकारियों से सलाह लेना जारी रखेंगे जिसमें आस्ट्रेलियाई सरकार भी शामिल है और उचित समय पर फैसला लेंगे। ’’
पूर्व कप्तान एलेन बोर्डन और स्टार आल राउंडर ग्लेन मैक्सवेल पहले ही दर्शकों के बिना टूर्नामेंट के आयोजन की संभावना को नकार चुके हैं जबकि पूर्व बल्लेबाज साइमन कैटिच और विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कारे को लगता है कि इसे स्थगित करना ही एकमात्र विकल्प बचा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2020 05:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

