खेल की खबरें | आईसीसी ने संजोग गुप्ता को नया सीईओ नियुक्त किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय मीडिया दिग्गज संजोग गुप्ता को सोमवार को जय शाह की अगुआई वाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया।
दुबई, सात जुलाई भारतीय मीडिया दिग्गज संजोग गुप्ता को सोमवार को जय शाह की अगुआई वाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया।
वह आस्ट्रेलिया के ज्योफ एलार्डिस की जगह लेंगे जिन्होंने इस साल की शुरूआत में चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
अभी तक जियोस्टार में सीईओ (खेल) के रूप में कार्यरत रहे गुप्ता तत्काल प्रभाव से अपनी नई भूमिका का कार्यभार संभालेंगे। वह आईसीसी के सातवें सीईओ होंगे।
क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने कहा कि इस पद के लिए उसे 25 देशों से 2,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 12 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
आईसीसी ने कहा, ‘‘उम्मीदवारों में खेल के शासी निकायों से जुड़े पदाधिकारियों के अलावा कॉरपोरेट जगत से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।’’
इन नामों को नामांकन समिति को भेज दिया गया जिसमें आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा, इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के अध्यक्ष रिचर्ड थॉम्पसन, श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया शामिल हैं।
उन्होंने इस पद के लिए गुप्ता की सिफारिश की जिसे आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने मंजूरी दे दी।
आईसीसी ने कहा, ‘‘संजोग गुप्ता भारत और विश्व स्तर पर खेल प्रसारण के परिवर्तन के पीछे एक प्रेरक शक्ति रहे हैं।‘‘
आईसीसी में अपने बयान में प्रो कबड्डी लीग और इंडियन सुपर लीग (फुटबॉल) जैसी अन्य लीगों की स्थापना और विस्तार तथा प्रीमियर लीग और विंबलडन जैसी वैश्विक प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने में गुप्ता की भूमिका का भी जिक्र किया।
शाह ने कहा कि खेल रणनीति और व्यावसायीकरण में गुप्ता का अनुभव आईसीसी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘संजोग के पास खेल रणनीति और व्यावसायीकरण का व्यापक अनुभव है, जो आईसीसी के लिए अमूल्य साबित होगा।’’
गुप्ता एलार्डिस का स्थान लेंगे जिन्होंने चार वर्ष के कार्यकाल के बाद इस वर्ष जनवरी में पद छोड़ दिया था।
गुप्ता ने पत्रकार के रूप में अपना करियर शुरू किया और वह 2010 में स्टार इंडिया (अब जियोस्टार) से जुड़ गए थे। उन्हें 2020 में डिज्नी और स्टार इंडिया में खेल प्रमुख नियुक्त किया गया था। नवंबर 2024 में वायाकॉम18 और डिज्नी स्टार के विलय के बाद गुप्ता को जियोस्टार स्पोर्ट्स का सीईओ नियुक्त किया गया था।
आईसीसी के सीईओ का पद इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के डेविड रिचर्ड्स, मैल्कम स्पीड और एलार्डिस, दक्षिण अफ्रीका के डेविड रिचर्डसन और हारून लोर्गट तथा भारत में जन्मे मनु साहनी संभाल चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 12:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

