देश की खबरें | दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष अमित शाह से मिले, विधायिका को मजबूत करने से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी

नयी दिल्ली, सात जुलाई दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें विधायिका को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने शाह को राष्ट्रीय ई-विधान ऐप्लीकेशन (नेवा) ढांचे के तहत विधानसभा के चल रहे डिजिटल परिवर्तन के बारे में बताया।

नेवा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के क्लाउड 'मेघराज' पर स्थापित एक कामकाज प्रणाली है, जो सभापति और सदस्यों को सदन की कार्यवाही को कागज रहित तरीके से सुचारू रूप से संचालित करने में मदद करेगी।

बयान के अनुसार, गृह मंत्री को 500 किलोवाट की सौर ऊर्जा परियोजना के कार्यान्वयन के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे पूरा विधानसभा परिसर पूरी तरह से सौर ऊर्जा से संचालित हो जाएगा।

बयान में कहा गया है कि गुप्ता ने शाह को औपनिवेशिक युग के विधानसभा भवन को एक विरासत स्थल के रूप में विकसित करने और इसके वास्तुशिल्प एवं ऐतिहासिक महत्व को संरक्षित करने की योजना के बारे में भी विस्तार से बताया।

इसमें कहा गया है कि प्रस्तावित योजना का मकसद आधुनिक बुनियादी ढांचे को एकीकृत करते हुए दिल्ली की समृद्ध विधायी विरासत का सम्मान करना है और एक ऐसा स्थल बनाना है, जो लोकतांत्रिक विरासत का प्रतीक होने के साथ-साथ नागरिक शिक्षा और सार्वजनिक सहभागिता का केंद्र भी हो।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)