देश की खबरें | मैंने कुछ गलत नहीं किया, इसी बात ने मुझे जेल में सकारात्मक बने रहने में मदद की: क्रिसन परेरा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मादक पदार्थ मामले में शारजाह की एक जेल से 27 दिन की कैद के बाद रिहा होने वाली अभिनेत्री क्रिसन परेरा ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया और इसी बात ने उन्हें जेल में सकारात्मक बने रहने में मदद की।

मुंबई ,चार अगस्त मादक पदार्थ मामले में शारजाह की एक जेल से 27 दिन की कैद के बाद रिहा होने वाली अभिनेत्री क्रिसन परेरा ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया और इसी बात ने उन्हें जेल में सकारात्मक बने रहने में मदद की।

परेरा जेल से रिहा होने के बाद मुंबई लौट आई हैं और कामना की कि किसी को भी इस अनुभव से नहीं गुजरना पड़े।

परेरा (27) ने ‘सड़क दो’ में अभिनय किया है। उन्होंने बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और उनकी मदद के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। अधिकारियों की मदद से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से उनकी वापसी सुनिश्चित हो सकी।

परेरा को एक अप्रैल को शारजाह हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था। उनके सामान में मादक पदार्थ मिला था और ये सामान उन्हें किसी और को देने के लिए भेजा गया था। जब परेरा जेल में थी तब मुंबई अपराध शाखा को जांच में पता चला कि उन्हें फंसाया गया है।

उन्होंने पुलिस अयुक्त कार्यालय में मीडिया से कहा, ‘‘ मैं अपने परिवार से मिल कर, अपनी मिट्टी में वापस लौट कर बेहद प्रसन्न हूं और खुली हवा में सांस ले रही हूं..।’’

परेरा ने कहा कि वह भ्रमित थीं और सोचती रहीं कि वह जेल में क्यों हैं। उन्होंने कहा,‘‘मैंने कुछ गलत नहीं किया, इसी बात ने मुझे जेल में सकारात्मक बने रहने में मदद की।’’

अभिनेत्री ने कहा कि जिसने भी उनकी कहानी सुनी और उनके साथ जेल में बंद अन्य लोगों को भी लगता था कि मेरा इस मामले से कोई लेना देना नहीं है।

यूएई में परेरा के गिरफ्तार होने के बाद दो आरोपियों एंथनी पॉल और उसके दोस्त रवि बोबहटे ने परेरा की रिहाई के लिए उसकी मां से कथित तौर पर 80 लाख रुपए मांगे थे।

मुंबई पुलिस की ओर से मामले से जुड़े दस्तावेज यूएई के अधिकारियों को भेजे जाने पर परेरा को रिहा किया गया।

मुंबई पुलिस ने पॉल, बोबहटे तथा अन्य व्यक्ति के खिलाफ परेरा को मादक पदार्थ मामले में फंसाने का मामला जून माह में दर्ज किया था।

शारजाह में अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद उसे रिहा कर दिया था, लेकिन कुछ कानूनी औपचारिकताओं के कारण वह भारत नहीं लौट सकी थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\