देश की खबरें | आश्वस्त नहीं हूं कि 'इंडिया' गठबंधन अब भी पूरी तरह एकजुट है : चिदंबरम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने 'इंडिया' गठबंधन को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह आश्वस्त नहीं हैं कि यह विपक्षी गठबंधन अब भी पूरी तरह एकजुट है।
नयी दिल्ली, 15 मई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने 'इंडिया' गठबंधन को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह आश्वस्त नहीं हैं कि यह विपक्षी गठबंधन अब भी पूरी तरह एकजुट है।
सलमान खुर्शीद और मृत्युंजय सिंह यादव की किताब ‘‘कंटेस्टिंग डेमोक्रेटिक डेफिसिट’’ के विमोचन के मौके पर चिदंबरम ने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि गठबंधन कमजोर पड़ गया है।
उनका कहना था, ‘‘भविष्य (इंडिया गठबंधन का) उतना उज्ज्वल नहीं है, जैसा मृत्युंजय सिंह यादव ने कहा। उन्हें लगता है कि गठबंधन अब भी बरकरार है, लेकिन इसको लेकर मैं आश्वस्त नहीं हूं। यह केवल सलमान (खुर्शीद) हैं जो जवाब दे सकते हैं क्योंकि वह ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए बातचीत करने वाली टीम का हिस्सा थे। अगर गठबंधन पूरी तरह से बरकरार है, तो मुझे बहुत खुशी होगी। लेकिन पता चलता है कि यह कमजोर पड़ गया है।’’
उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि गठबंधन "अब भी कायम रह सकता है, अब भी समय है"।
पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री के अनुसार, ‘इंडिया’ गठबंधन एक ऐसी "बहुत मजबूत मशीनरी" के खिलाफ लड़ रहा है, जिससे सभी मोर्चों पर लड़ा जाना चाहिए।
चिदंबरम ने कहा, "मेरे अनुभव और मेरे इतिहास के अध्ययन के अनुसार, भाजपा जितना सशक्त रूप से संगठित कोई राजनीतिक दल नहीं है। यह सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं है। यह एक मशीन के पीछे दूसरी मशीन है और दो मशीनें भारत में सभी मशीनरी को नियंत्रित करती हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा, "निर्वाचन आयोग से लेकर देश के सबसे निचले पुलिस स्टेशन तक, वे (भाजपा) इन संस्थानों को नियंत्रित करने और कभी-कभी कब्जा करने में सक्षम हैं। "
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)