देश की खबरें | ‘‘राजनीति छोड़ रही हूं’’: खरड़ से ‘आप’ विधायक अनमोल गगन मान ने दिया इस्तीफा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) की नेता अनमोल गगन मान ने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से रविवार को इस्तीफा दे दिया और कहा कि उन्होंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है।
चंडीगढ़, 19 जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) की नेता अनमोल गगन मान ने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से रविवार को इस्तीफा दे दिया और कहा कि उन्होंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है।
अनमोल गगन मान (35) खरड़ विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से अपने इस्तीफे के बारे में जानकारी दी ।
उन्होंने पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां से उनका इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया है।
मान ने ‘एक्स’ पर पंजाबी में एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने भारी मन से राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। विधायक पद से अध्यक्ष को दिया गया मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के साथ मेरी शुभकामनाएं हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।’’
गायिका से नेता बनीं मान ने यह नहीं बताया कि उन्होंने यह निर्णय क्यों किया।
‘आप’ के सूत्रों ने दावा किया कि मान ने कुछ दिन पहले ही इस्तीफा दे दिया था लेकिन ‘आप’ ने उन्हें उनके फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए मनाने की कोशिश की थी।
जब मुख्यमंत्री भगवंत मान से अनमोल गगन मान के इस्तीफे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी-अभी इसकी जानकारी मिली है और वह इस मामले पर पार्टी की बैठक करेंगे।
‘आप’ की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने अनमोल गगन मान को उनकी ‘‘छोटी बहन की तरह’’ करार दिया और कहा कि वह इस मुद्दे पर उनसे चर्चा करेंगे।
मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा, ‘‘हम एक टीम के रूप में काम करते हैं... हम साथ बैठते हैं और हम सहकर्मी हैं। वह मेरी छोटी बहन की तरह है।’’
मान ने इस सप्ताह की शुरुआत में ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी और ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस बारे में जानकारी देते हुए कहा था, ‘‘हमारे राष्ट्रीय संयोजक जी के साथ विभिन्न प्रमुख मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। समाज के उत्थान का उनका सपना हमें हमेशा साहस और प्रेरणा से भर देता है।’’
मान जुलाई 2022 में भगवंत मान सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान मंत्री बनी थीं। वह उन पांच विधायकों में शामिल थीं जिन्हें मंत्रिमंडल में जगह दी गई थी।
वह उस समय मान सरकार के मंत्रिमंडल में मंत्री बनने वाली दूसरी महिला थीं। उन्हें ‘आप’ सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति, निवेश प्रोत्साहन, श्रम एवं आतिथ्य विभाग का जिम्मा सौंपा गया था।
भगवंत मान सरकार ने सितंबर 2024 में मान सहित चार मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटा दिया था।
उन्होंने पंजाब में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में खरड़ सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार रंजीत सिंह गिल को 37,885 मतों के अंतर से हराया था।
गिल ने खरड़ सीट से दो बार चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें दोनों बार हार का सामना करना पड़ा था। वह एक समय में शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के करीबी माने जाते थे, हालांकि उन्होंने भी शुक्रवार को शिअद से नाता तोड़ लिया था।
रियल एस्टेट कारोबारी गिल ने अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि वह इसके बाद क्या करेंगे।
मानसा जिले की रहने वालीं मान जुलाई 2020 में ‘आप’ में शामिल हुई थीं।
मान द्वारा 2022 में दिए गए चुनावी हलफनामे के अनुसार वह सिर्फ 12वीं कक्षा तक पढ़़ी हैं। मान ने राजनीति में कदम रखने से पहले पंजाबी संगीत जगत में अपना नाम बनाया था।
उन्होंने ‘सूट’, ‘घेंट पर्पस’, ‘शेरनी’, ‘जमंतन’, ‘गोल्डन गर्ल’, ‘रॉयल जट्टी’, ‘रेड फुलकारी’ और ‘वेली’ जैसे कई गाने गाए हैं।
मान बाद में ‘आप’ की युवा शाखा की सह-अध्यक्ष बनी थीं। वह पार्टी के विरोध कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल हुई थीं तथा विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार के खिलाफ आवाज उठाई थी।
अनमोल गगन मान ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कहा था कि अगर ‘आप’ सत्ता में आती है तो सरकार हर फसल पर ‘‘पांच मिनट के अंदर’’ न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देगी। विपक्षी नेता उनके इस वीडियो इस्तेमाल ‘आप’ पर निशाना साधने के लिए करते हैं क्योंकि वह अपना वादा पूरा करने में विफल रही।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2025 10:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

