देश की खबरें | हैदराबाद: रिहायशी इमारत में आग लगने से बच्चे और उसके माता-पिता की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हैदराबाद में रविवार तड़के एक आवासीय परिसर में आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों, माता-पिता और उनके बच्चे की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हैदराबाद, 16 अप्रैल हैदराबाद में रविवार तड़के एक आवासीय परिसर में आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों, माता-पिता और उनके बच्चे की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कुशाईगुड़ा इलाके में स्थित लकड़ी के डिपो में तड़के करीब चार बजे आग लगी और धीरे-धीरे आसपास की रिहायशी इमारतों में फैल गई।
उन्होंने बताया कि धुआं और आग, इमारत की दूसरी मंजिल तक फैल गई, जहां एक फ्लैट में दंपती और उनका बेटा सो रहा था।
पुलिस ने बताया कि दम घुटने और जलने के कारण उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा इमारत में रहने वाले चार अन्य लोग आंशिक रूप से झुलस गए हैं जबकि कुछ लोग परिसर से सुरक्षित निकलने में सफल रहे।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान नरेश (37), उनकी पत्नी (32) और सात साल के बेटे के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच के आधार पर, अधिकारी ने बताया कि लकड़ी डिपो में शॉर्ट-सर्किट की वजह से आग लगी और बाद में एक गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से उसने रौद्र रूप ले लिया।
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम की महापौर गडवाल विजयलक्ष्मी ने मृतकों के परिजनों को छह लाख रुपये (प्रत्येक को दो-दो लाख रुपये) की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)