एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | हैदराबाद: 14 मादक पदार्थ खरीदार हिरासत में, चार साल के बच्चे के साथ दंपति गांजा खरीदने पहुंचा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हैदराबाद में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जाल बिछाकर चलाए गए अभियान के दौरान एक आईटी कर्मचारी और एक छात्र समेत 14 लोगों को उस वक्त पकड़ा गया जब वे कथित तौर पर एक विक्रेता से गांजा खरीदने आए थे।

देश की खबरें | हैदराबाद: 14 मादक पदार्थ खरीदार हिरासत में, चार साल के बच्चे के साथ दंपति गांजा खरीदने पहुंचा

हैदराबाद, 14 जुलाई हैदराबाद में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जाल बिछाकर चलाए गए अभियान के दौरान एक आईटी कर्मचारी और एक छात्र समेत 14 लोगों को उस वक्त पकड़ा गया जब वे कथित तौर पर एक विक्रेता से गांजा खरीदने आए थे।

‘एलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट’ (ईगल) की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि 12 जुलाई को गाचीबोवली इलाके में चलाए गए अभियान में अधिकारियों को दो दंपति मिले, जिनमें से एक अपने चार साल के बच्चे के साथ गांजा खरीदने आया था।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि जांच में गांजा सेवन की पुष्टि होने पर व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे को जाने दिया गया। विज्ञप्ति में कहा गया है कि एक अन्य मामले में गांजा खरीदने आए पति-पत्नी दोनों का परीक्षण किया गया जिसमें मादक पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई।

पुलिस अधीक्षक (ईगल) चौधरी रूपेश ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर गाचीबोवली में गांजा (भांग) की अवैध बिक्री और वितरण में शामिल एक अपराधी की पहचान की गई है।

महाराष्ट्र का निवासी यह व्यक्ति खासकर आईटी कर्मचारियों और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को निशाना बनाकर अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री करने के लिए इस इलाके में अक्सर आता-जाता रहा है। संदिग्ध व्यक्ति 50 ग्राम वजन के 100 पैकेट में पांच किलो गांजा ले जाता था और उन्हें 3,000 रुपये प्रति पैकेट बेचता था।

एसपी ने बताया कि उसने 100 से अधिक नियमित खरीदारों का आंकड़ा तैयार किया था और ग्राहकों से संवाद करने के लिए वह एक इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप का इस्तेमाल करता था, जिसमें वह ‘‘भाई बच्चा आ गया भाई’’ जैसे कोडेड संदेश भेजकर अपने आगमन और मादक पदार्थ की उपलब्धता का संकेत देता था।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि ईगल ने जाल बिछाने के लिए सादे कपड़ों में अधिकारियों की कई निगरानी टीम बनाई, जिनका उद्देश्य मादक पदार्थ बेचने वाले को रोकना, मादक पदार्थों के खरीदारों की पहचान करना और उन्हें पकड़ना था। विज्ञप्ति में कहा गया है कि गांजा खरीदने की कोशिश करते हुए कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया।

सभी 14 व्यक्तियों का मौके पर ही मूत्र से मादक पदार्थ के सेवन की जांच करने संबंधी ‘यूरिन ड्रग टेस्टिंग किट’ का उपयोग करके परीक्षण किया गया और प्रत्येक में भांग के सेवन की पुष्टि हुई।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि सभी 14 लोगों को इलाज और पुनर्वास के लिए प्रमाणित नशा मुक्ति केंद्रों में भेजा गया। विज्ञप्ति में कहा गया है कि तस्कर की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं, जो अभियान के दौरान बच निकला।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 02:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).