देश की खबरें | एमवीए को सत्ता से बेदखल करने के तरीके से जनता में भारी आक्रोश : पृथ्वीराज चव्हाण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने शुक्रवार को कहा कि जिस तरह से महाराष्ट्र की सत्ता से पिछले साल जून में महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार को बेदखल किया गया, उससे जनता में भारी आक्रोश है।
मुंबई, दो जून कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने शुक्रवार को कहा कि जिस तरह से महाराष्ट्र की सत्ता से पिछले साल जून में महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार को बेदखल किया गया, उससे जनता में भारी आक्रोश है।
उल्लेखनीय है कि उद्धव ठाकरे नीत एमवीए सरकार एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना विधायकों के बगावत करने से गिर गई थी जिसके बाद शिंदे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन से मुख्यमंत्री बने। एमवीए में शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकंपा) घटक हैं।
यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चव्हाण ने कहा कि महाराष्ट्र की सभी 48 लोकसभा सीटों के लिए दो दिवसीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई है ताकि राजनीतिक स्थिति का आकलन किया जा सके और पता लगाया जा सके कि राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली गई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और पड़ोसी राज्य कर्नाटक में मिली जीत का महाराष्ट्र की जमीनी राजनीति पर क्या प्रभाव पड़ा है।
पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने कहा, ‘‘हम चर्चा करेंगे कि कांग्रेस कहां खड़ी है और एमवीए कैसे अधिकतम सीट जीत सकती है। महाराष्ट्र में लड़ाई एमवीए और भाजपा -शिंदे नीत शिवसेना गठबंधन के बीच होगी। सीट बंटवारा मुश्किल है लेकिन यह किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना(यूबीटी) के बीच सीट बंटवारा मुश्किल है लेकिन सभी घटक चाहते हैं कि एमवीए बना रहा।
चव्हाण ने कहा कि राज्य संसदीय बोर्ड इस दो दिवसीय बैठक की रिपोर्ट का विश्लेषण करेगा और पूरे राज्य में यात्रा निकालने की योजना बनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के बाद एमवीए की बैठक होगी।
चव्हाण ने जोर देकर कहा कि जिन्होंने वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को मत दिया था वे खुद को छला हुआ महसूस कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘महंगाई, बेरोजगारी, कृषि उत्पादों की अच्छी कीमत जैसे मुख्य मुद्दों के बजाय जिस तरह से एमवीए को सत्ता से बेदखल किया गया वह लोगों को ठीक नहीं लगा।जनता में भारी आक्रोश है।’’
पहलवानों के प्रदर्शन पर चव्हाण ने कहा कि खिलाड़ी और फिल्मी हस्तियों को आगे आकर उनकी लड़ाई में साथ देना चाहिए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस चाहती है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस मामले में हस्तक्षेप करें।
चव्हाण ने कहा, ‘‘अपनी अंतरात्मा की सुनिए और इस मुद्दे पर बोलिए। अगर आप (मोदी) चुप रहते हैं तो माना जाएगा कि आप ऐसे लोगों का समर्थन करते हैं जिन्होंने पॉक्सो कानून का उल्लंघन किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)