देश की खबरें | पश्चिम दिल्ली में सिलेंडर में विस्फोट के बाद मकान ढहा, आठ लोग घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीर सहित)
(तस्वीर सहित)
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल पश्चिम दिल्ली के नांगलोई इलाके में एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट के बाद सोमवार को तड़के एक मकान ढह गया जिससे आठ लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दिल्ली दमकल सेवा को सुबह करीब पांच बजकर 15 मिनट पर घटना की सूचना दी गयी।
एक अधिकारी ने बताया कि दमकलकर्मियों ने आठ लोगों को बाहर निकाला और उन्हें लोगों एवं पुलिस की मदद से एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक अन्य घटना में पश्चिमी दिल्ली के टैगोर गार्डन इलाके में रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे एक मकान ढह गया।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि यह मकान टैगोर गार्डन में एक मेट्रो स्तंभ के सामने था और दमकल की तीन गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया।
उन्होंने बताया कि मकान तब ढहा जब उससे सटे एक प्लॉट में खुदाई का काम चल रहा था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अक्षत कौशल ने कहा, ‘‘पुलिस, दमकल तथा एनडीआरएफ के दल घटनास्थल पर मौजूद हैं। पिछली रात से ही बचाव अभियान चल रहा है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा कि सरकार बचाव दलों के लगातार संपर्क में है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दोनों ही हादसे दुखद हैं। दोनों इलाके के जिला प्रशासन राहत और बचाव के काम में लगे हुए हैं। हम बचाव दल के साथ लगातार संपर्क में हैं। प्रभु से सबकी कुशलता की कामना करता हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)