देश की खबरें | उम्मीद है कि भारतीय प्रवासियों से व्यवहार को लेकर ट्रंप से विरोध जताया होगा: थरूर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने शुक्रवार को उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यह बताया होगा कि भारतीय प्रवासियों को बेड़ियों में जकड़कर निर्वासित करना सही नहीं है।
बेंगलुरु, 14 फरवरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने शुक्रवार को उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यह बताया होगा कि भारतीय प्रवासियों को बेड़ियों में जकड़कर निर्वासित करना सही नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन से पता चलता है कि दोनों नेताओं के बीच अच्छी मुलाकात हुई।
ट्रंप ने भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह व्हाइट हाउस में वार्ता के लिए प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी की। इस दौरान दोनों ने द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
थरूर ने ‘इन्वेस्ट कर्नाटक’ शिखर सम्मेलन के मौके पर ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि बंद दरवाजों के पीछे उन्होंने (मोदी) अमेरिकियों से कहा होगा कि ‘आप हमारे लोगों का अपमान नहीं कर सकते। आप उन्हें वापस भेज सकते हैं, वे अवैध हैं, हम उनका खयाल करेंगे, वे हमारे देश से हैं, लेकिन उन्हें बेड़ियों और हथकड़ियों में सैन्य विमान से वापस न भेजें... यह सही नहीं है’...।’’
तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि उन्होंने (मोदी) इसे बंद दरवाजे के पीछे कहा है। हम नहीं जानते।’’
अमेरिका का एक सैन्य विमान इस महीने की शुरुआत में अमेरिका में ‘‘ गैर कानूनी रूप से रह रहे’’ 104 भारतीयों को वापस लाया था।
निर्वासित लोगों ने दावा किया था कि पूरी यात्रा के दौरान उनके हाथ और पैर बंधे हुए थे और अमृतसर में उतरने के बाद ही उन्हें बेड़ियों से मुक्त किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)