एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उम्मीद है कि इजराइल और ईरान शीघ्र ही एक-दूसरे पर हमला करना बंद कर देंगे: उमर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को उम्मीद जताई कि इजराइल और ईरान जल्द ही एक-दूसरे पर हमला करना बंद कर देंगे तथा बातचीत के जरिये अपने मुद्दों को सुलझा लेंगे।

देश की खबरें | उम्मीद है कि इजराइल और ईरान शीघ्र ही एक-दूसरे पर हमला करना बंद कर देंगे: उमर

श्रीनगर, 21 जून जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को उम्मीद जताई कि इजराइल और ईरान जल्द ही एक-दूसरे पर हमला करना बंद कर देंगे तथा बातचीत के जरिये अपने मुद्दों को सुलझा लेंगे।

अब्दुल्ला ने मध्य कश्मीर में अपने विधानसभा क्षेत्र गांदरबल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम केवल उम्मीद और प्रार्थना कर सकते हैं कि जंग रुक जाए। स्थिति खराब है। ऐसा नहीं होना चाहिए था।’’

उन्होंने इस बात पर आश्चर्य प्रकट किया कि किस आधार पर इजराइल ने ईरान पर हमला किया।

उन्होंने कहा, ‘‘ कुछ दिन पहले अमेरिकी खुफिया विभाग की प्रभारी ने सीनेट और कांग्रेस के सामने कहा था कि ईरान परमाणु हथियार हासिल करने के करीब नहीं है। तो अगर अमेरिका को कुछ दिन पहले ऐसा लगता था तो फिर इजराइल ने ईरान पर हमला क्यों किया?’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि इसके पीछे कुछ राजनीति है, लेकिन हमें उम्मीद है कि यह सिलसिला जल्द ही बंद हो जाएगा और मुद्दों को बातचीत के जरिये सुलझाया जाएगा।’’

अब्दुल्ला ने अपने विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों का दौरा किया और कहा कि स्थानीय विधायक के तौर पर ऐसा करना उनका कर्तव्य है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘गांदरबल के लोगों ने मुझे उनका प्रतिनिधित्व करने और उनकी सेवा करने के लिए भेजा है और मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। इसलिए, जब से मैं विधायक बना हूं, हमने यहां विकास की गति तेज कर दी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज मैंने एक परियोजना, एक विवाह भवन का उद्घाटन किया और एक पुल की आधारशिला रखी, जो मेरी पुरानी मांग थी।’’

अब्दुल्ला ने गांदरबल और बडगाम, दो सीट से विधानसभा चुनाव जीता था। लेकिन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने बडगाम सीट छोड़ दी थी।

आगामी वार्षिक अमरनाथ यात्रा के बारे में पूछे जाने पर अब्दुल्ला ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि वे सुरक्षित लौटेंगे। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी उपराज्यपाल और राजभवन की है। मुझे उम्मीद है कि उनकी सुरक्षा के लिए सभी उपाय किए जाएंगे। बाकी जिम्मेदारियां - चाहे वह चिकित्सा संबंधित हों या बुनियादी ढांचा से जुड़ी हों - हमने उनका पूरी तरह से निर्वहन किया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 21, 2025 05:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).