आशा है कि मौजूदा चुनौती से निपटने के लिए सरकार योजना बनाएगी : सोनिया
उन्होंने विभिन्न राज्यों की प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हुई बैठक में यह भी कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पर कोरोना वायरस संकट का बड़ा असर होगा और इसके लिए हमें अपने आपको तैयार करना चाहिए।
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को कहा कि लॉकडाउन में गरीबों को सबसे ज्यादा पीड़ा झेलनी पड़ रही है और ऐसे में उम्मीद है कि सरकार मौजूदा चुनौती से निपटने के लिए कोई योजना बनाएगी।
उन्होंने विभिन्न राज्यों की प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हुई बैठक में यह भी कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पर कोरोना वायरस संकट का बड़ा असर होगा और इसके लिए हमें अपने आपको तैयार करना चाहिए।
पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक सोनिया ने कहा, "देश कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए लड़ रहा है। इस लडा़ई में हम पूरी तरह से अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। आप सब जानते ही हैं कि हर प्रदेश में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कई हफ़्तों से देशवासियों की सेवा में लगे हुए हैं। ''
उन्होंने कहा, '' लॉकडाउन के चलते जो गरीब मज़दूर अपने-अपने गांव की ओर रवाना हुए, उनकी परेशानियों को दूर करने का काम हमारे कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर किया है। आज भी हर ज़िले के कांग्रेस के सिपाही इस काम में लगे हुए हैं।'''
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, '' मैंने और राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री जी को चिट्ठियां लिख कर कुछ सुझाव भी दिए। हमारी आशा है कि सरकार इस चुनौती का सामना करने के लिए योजना बनाए।''
उन्होंने कहा कि सबसे ज़्यादा पीड़ा और परेशानी ग़रीबों, किसानों और मज़दूरों को हो रही है।
सोनिया के मुताबिक, ‘‘लॉकडाउन की वजह से देश की अर्थव्यवस्था पर बहुत ही ज़्यादा भार पड़ने वाला है। पहले से ही अर्थव्यवस्था संकट में थी, अब और मुश्किलें बढ़ेंगी। इन परिस्थितियों के लिए हमें तैयार होना पडे़गा। जनता के दुख में जनता का साथ देना होगा और उनकी परेशानियों को दूर करने का पूरा प्रयास करना होगा। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2020 06:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

