विदेश की खबरें | सीमित होती आजादी के बीच हांगकांग वासी निजी तौर पर थिएनआनमन की बरसी मनाएंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. हांगकांग में यह बरसी नए कानून के साये में मनायी जाएगी जिसका इस्तेमाल यहां के लोकतंत्र समर्थक नेताओं और कार्यकर्ताओं पर मुकदमा चलाने के लिए किया जा रहा है।
हांगकांग में यह बरसी नए कानून के साये में मनायी जाएगी जिसका इस्तेमाल यहां के लोकतंत्र समर्थक नेताओं और कार्यकर्ताओं पर मुकदमा चलाने के लिए किया जा रहा है।
दशकों से हांगकांग चीन का इकलौता स्थान रहा है जहां पर लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर बीजिंग में 1989 में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शन के खिलाफ टैंक से की गई कार्रवाई को सार्वजनिक तौर पर याद करते थे, जिसमें संभवतः सैंकडो, हजारों की तादाद में लोग मारे गए थे।
हांगकांग के लोग हर साल थिएनआनमन स्क्वॉयर में चार जून को हुई कार्रवाई की बरसी मनाने के लिए विक्टोरिया पार्क में जमा होकर कैंडल मार्च निकालते थे। वर्ष 2020 में लोगों ने पुलिस द्वारा आयोजन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद कैंडल मार्च निकाला था।
इस साल रविवार को विक्टोरिया पार्क पर चीन समर्थक समूहों द्वारा हांगकांग को 1997 में चीन को सौंपने की याद में कार्निवल का आयोजन किया गया है। आयोजकों का कहना है कि पार्क में इस अवसर पर बाजार और खान पान की दुकाने लगाई जाएंगी।
अधिकारी नरसंहार की यादों को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं जबकि कुछ हांगकांग वासी उन यादों को जिंदा रखने की कोशिश कर रहे हैं और एलईडी कैंडल, कार्रवाई संबंधी लेख आदि का वितरण कर रहे हैं या संबंधित किताब खरीद रहे हैं।
विगत वर्षों में इस दौरान शोक कार्यक्रम आयोजन करने में व्यस्त रहने वाले रिचर्ड त्सोई ने कहा कि उन्होंने रविवार को लेकर अबतक कोई फैसला नहीं किया है। उन्होंने कहा, ‘‘करीब 30 साल से हम इस याद को बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।’’ त्सोई ने इस अवसर पर टी-शर्ट पहनी थी जिसपर लिखा था ‘‘लोग कभी नहीं भूलेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब हो सकता है कि हमें सोचना पड़े की कि कैसे इस याद को हांगकांग से मिटाने से रोका जाए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)