देश की खबरें | गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल पहुंचे, बीएसएफ की फ्लोटिंग सीमा चौकियों का उद्घाटन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24परगना जिले में सुंदरबन इलाके के हिंगालगंज में बृहस्पतिवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ‘फ्लोटिंग’ सीमा चौकियों और एक पोत एंबुलेंस का उद्घाटन किया।
कोलकाता, पांच मई केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24परगना जिले में सुंदरबन इलाके के हिंगालगंज में बृहस्पतिवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ‘फ्लोटिंग’ सीमा चौकियों और एक पोत एंबुलेंस का उद्घाटन किया।
केन्द्रीय गृह मंत्री राज्य में 2021 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल आए हैं। शाह ने बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों से भी बातचीत की।
अधिकारियों ने बताया कि सुंदरबन के इलाकों में निगरानी बढ़ाने के लिए ‘फ्लोटिंग’ सीमा चौकियों (जलीय सीमाओं की रक्षा के लिए जहाजी बेड़ा, पोत, नौका) की संख्या बढ़ाई गयी है।
उन्होंने बताया कि पोत एंबुलेंस का मकसद साहेब खली से शमशेर नगर तक सुंदरबन के निर्जन इलाके में चिकित्सकीय सहायता मुहैया कराना है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री शाम तक हरिदासपुर में ‘मैत्री संग्रहालय’ की आधारशिला रखेंगे और सिलीगुड़ी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
शाह सुबह कोलकाता हवाई अड्डे पहुंचे थे,जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेन्दु अधिकारी और केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक और भाजपा के राज्य इकाई के प्रमुख सुकांत मजूमदार ने उनकी अगवानी की।
शाह ने बांग्ला में ट्वीट किया, ‘‘ पश्चिम बंगाल की दो दिवसीय यात्रा पर कोलकाता पहुंचा। कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने और बंगाल के भाइयों और बहनों से बातचीत करने को उत्सुक हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2022 03:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

