देश की खबरें | राजस्थान में हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई होली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जयपुर, पुष्कर, उदयपुर में विदेशी पर्यटकों ने भी होली के त्योहार का लुत्फ उठाया।
जयपुर, 14 मार्च राजस्थान में रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जयपुर, पुष्कर, उदयपुर में विदेशी पर्यटकों ने भी होली के त्योहार का लुत्फ उठाया।
पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव में देसी-विदेशी पर्यटकों ने चंग की थाप पर नाच कर मस्ती की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा के कैथूनीपोल इलाके में अपने पुश्तैनी घर पर लोगों को रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर शहर के बजरंगगढ़ स्थित सुभाष उद्यान में होली खेली। कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने देवनानी को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर होली का पर्व बड़े हर्षोल्लास से मनाया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान बड़ी संख्या में आए आमजन से मुलाकात कर फूलों व प्राकृतिक रंगों से होली खेली। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में लोक कलाकारों ने ब्रज की विभिन्न संस्कृतियों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को होली के पर्व की बधाई देते हुए कहा, ‘‘रंगों का यह पर्व बेहद ही निराला है। यह हमें आपसी कटुता को भुलाते हुए एक-दूसरे को गले लगाने की सीख देता है।’’
साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 350 अरब डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
शर्मा ने युवा, किसान, महिला और मजदूर सहित पूरे प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पत्नी गीता शर्मा भी मौजूद रहीं।
पुष्कर के मेला ग्राउंड में आयोजित डीजे पार्टी के दौरान दमकल से पानी की बौछार की गई। इस दौरान संगीत पर पर्यटक जमकर नाचे।
अजमेर के वैशाली नगर स्थित निजी समारोह स्थल में शहरवासियों ने एक-दूसरे पर टमाटर फेंककर होली खेली। इसके लिए करीब 4 हजार किलोग्राम टमाटर मंगवाए गए।
टोंक में कोड़ा मार होली खेली गई। महिलाओं ने एक कड़ाह में रंग भरकर रखा। इस रंग के पानी को लेने आए पुरुषों पर जमकर कोड़े बरसाए गए।
उदयपुर के जगदीश मंदिर चौक में होली का कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
जयपुर शहर में अलग-अलग जगहों पर डीजे साउंड लगाया गया। होली खेलने के साथ ही लोगों ने बॉलीवुड गानों पर नृत्य किया।
वहीं, जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) के जव़ानों और महिला जवानों ने होली का पर्व मनाया। सभी ने एक दूसरे को गुलाल लगाया और बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों पर नृत्य किया।
इस दौरान सभी जवानों व अधिकारियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई और होली की शुभकामना दी। जवानों ने रंगों के त्योहार को भाईचारे व शांति के साथ मनाने का संदेश भी दिया।
इस दौरान सीमा सुरक्षा बल के उत्तर क्षेत्र के उपमहानिरीक्षक योगेन्द्र सिंह राठौड़ भी बृहस्पतिवार को सरहद पर पहुंचे और जवानों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जवानों को रंग लगाया और उनके साथ होली खेली।
कुंज
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 14, 2025 07:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

