देश की खबरें | धूमधाम से देश भर में मनाई गई होली

नयी दिल्ली, आठ मार्च पूरे देश में बुधवार को रंगों का त्योहार धूमधाम से मनाया गया और लोगों ने इस मौके पर जहां एक-दूसरे को रंग व गुलाल लगाया और मिठाइयां बांटी वहीं युवाओं ने होली गीतों पर नृत्य किया।

कोविड महामारी के कारण तीन साल बाद लोगों ने पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ होली का त्योहार मनाया। देश के ज्यादातर हिस्सों में होली बुधवार को मनाई गई हालांकि कुछ क्षेत्रों में होली मंगलवार को ही मनाई गई थी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई अन्य नेताओं ने इस मौके पर लोगों को होली की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप सभी के जीवन में हमेशा आनंद और उमंग का रंग बरसे।’’

अमेरिकी वाणिज्य मंत्री जीना रायमोंडो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आधिकारिक आवास पर होली समारोह में शामिल हुईं। रायमोंडो इस समय भारत के दौरे पर हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी रक्षा मंत्री के आवास पर होली समारोह में शामिल हुए।

श्रीनगर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) बटालियन मुख्यालय होली के मौके पर जीवंत हो उठा और जवानों ने हिंदी फिल्मों के गानों पर नृत्य किया और एक-दूसरे को रंग लगाया।

बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर विजय खटाना ने पीटीआई- से कहा, ''जवान कड़ी मेहनत करते हैं और वे पूरा आनंद भी उठाते हैं।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)