दक्षिण कश्मीर में हुई मुठभेड़ में हिजबुल का शीर्ष कमांडर रियाज नाइकू मारा गया
जमात

श्रीनगर, छह मई कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का शीर्ष कमांडर रियाज नाइकू मारा गया। नाइकू पिछले आठ वर्षों से फरार था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर एहतियाती उपाय के तौर पर घाटी में पहले ही मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी थीं।

उन्होंने बताया कि यहां लोगों की आवाजाही पर भी सख्त पांबदी है।

अधिकारियों ने कहा कि प्रतिबंधित संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के ऑपरेशनल कमांडर रियाज नाइकू को पुलवामा के बेघपोरा गांव में घेर लिया गया। यह उसका पैतृक गांव था।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने शुरुआत में सुबह कहा था कि एक शीर्ष आतंकी कमांडर और उसके एक साथी के साथ मुठभेड़ जारी है लेकिन उसकी पहचान उजागर नहीं की थी।

बाद में अधिकारियों ने खुलासा किया कि यह कमांडर 12 लाख का इनामी रियाज नाइकू था। उन्हें नाइकू की पिछले आठ वर्षों से तलाश थी।

जुलाई 2016 में आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद नाइकू आतंकी संगठन का कमांडर बन गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)