जरुरी जानकारी | दफ्तर में काम करने वालों की नियुक्तियों में जुलाई में 19 प्रतिशत गिरावट:रिपोर्ट

नयी दिल्ली, एक अगस्त दफ्तर में काम करने वालों की नियुक्तियों में सालाना आधार पर जुलाई में 19 प्रतिशत की गिरावट आई है। दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों, खुदरा, बीमा और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में नियुक्तियों को लेकर बरती जा रही सतर्कता इसकी मुख्य वजह मानी जा रही है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

‘नौकरी जॉबस्पीक इंडेक्स’ के अनुसार, जुलाई में दफ्तर में काम करने (व्हाइट कॉलर्स जॉब) के लिए 2,573 लोगों की भर्ती की गई। यह पिछले महीने की तुलना में आठ प्रतिशत कम और जुलाई 2022 की तुलना में 19 प्रतिशत कम है।

नौकरी जॉबस्पीक, एक मासिक सूचकांक है जो देश में नौकरियों की स्थिति की जानकारी देता है।

रिपोर्ट के अनुसार, आईटी उद्योग में नियुक्तियां चिंता का विषय बनी हुई हैं। पिछले साल जुलाई की तुलना में सृजित नई नौकरियों में 46 प्रतिशत की गिरावट आई है। आईटी के अलावा, दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाले क्षेत्र (एफएमसीजी), खुदरा, बीपीओ (बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग), बीमा और शिक्षा क्षेत्रों में नियुक्तियों को लेकर सतर्कता बरती गई। पिछले साल जुलाई की तुलना में नए रोजगार सृजन में 16-23 प्रतिशत की गिरावट आई है।

नौकरीडॉटकॉम के मुख्य व्यवसाय अधिकारी पवन गोयल ने कहा, ‘‘ तेल और गैस, रियल एस्टेट और होटल आदि जैसे घरेलू क्षेत्रों में भर्ती में सकारात्मक रुख दिखा। साथ ही कृत्रिम मेधा (एआई) से संबंधित भूमिकाओं में भर्तियां स्थिर रहीं। यह भारतीय नौकरी बाजार की स्थिति के अनुकूल ढलने की क्षमता और विविधीकरण को दर्शाता है।’’

एआई क्षेत्र में जुलाई में करीब 31,780 भर्तियां की गई, जबकि जून में 32,205 नियुक्तियां की गई थीं।

शहरों की बात करें तो जयपुर और वड़ोदरा में भर्तियों में क्रमश: चार और दो प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)