शिमला, 26 मार्च कांग्रेस की छात्र शाखा नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया(एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एक रेस्तरां में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संवाददाता सम्मेलन को कथित तौर पर बाधित किया। इस संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक रवि ठाकुर मौजूद थे। भाजपा द्वारा मामले में पुलिस के समक्ष दर्ज कराई गई शिकायत में यह जानकारी दी गई।
यह घटना भाजपा द्वारा छह पूर्व कांग्रेस विधायकों की उम्मीदवारी की घोषणा के कुछ घंटों बाद हुई, जिन्हें पिछले महीने कटौती प्रस्तावों और बजट पर पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दिया गया था।
कांग्रेस के छह बागी विधायकों में से एक रवि ठाकुर और राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन यहां एक रेस्तरां में भाजपा द्वारा आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थे, इस दौरान कांग्रेस की छात्र शाखा ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
ठाकुर ने पांच अन्य कांग्रेस विधायकों के साथ हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार महाजन के पक्ष में मतदान किया था और वे 23 मार्च को भाजपा में शामिल हो गए थे।
ठाकुर को आगामी उपचुनाव में लाहौल एवं स्पीति विधानसभा क्षेत्र से मंगलवार को भाजपा उम्मीदवार घोषित किया गया।
शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी को एक लिखित शिकायत में भाजपा के राज्य मीडिया प्रभारी करण नंदा ने कहा कि भाजपा ने रिज पर आशियाना रेस्तरां में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया था जिसमें ठाकुर और महाजन मौजूद थे।
नंदा ने कहा कि अपराह्न करीब सवा तीन बजे एनएसयूआई के कई कार्यकर्ता, जो रिज पर रक्तदान शिविर का आयोजन कर रहे थे, रेस्तरां की दीवार फांद गए और ठाकुर के खिलाफ नारे लगाते हुए जबरन रेस्तरां में घुसने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे अड़े रहे और उन्होंने रेस्तरां के प्रवेश द्वार को तोड़ने की भी कोशिश की।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से घटना में शामिल युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस बीच, भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा ठाकुर पर हमले की कड़ी निंदा की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY