देश की खबरें | हिप्र: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गडकरी के आगामी दौरे का श्रेय लेने की भाजपा, कांग्रेस में होड़

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के बाढ़-प्रभावित कुल्लू और मनाली में एक अगस्त को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस में श्रेय लेने की होड़ के चलते दोनों दलों के नताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है।

शिमला, 29 जुलाई हिमाचल प्रदेश के बाढ़-प्रभावित कुल्लू और मनाली में एक अगस्त को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस में श्रेय लेने की होड़ के चलते दोनों दलों के नताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है।

नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय मंत्री उनके अनुरोध पर राज्य का दौरा करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने गडकरी के साथ राज्य की चिंता साझा की है और उनसे प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का अनुरोध किया। मंत्री एक अगस्त को कुल्लू और मनाली का दौरा करेंगे।’’

हिमाचल प्रदेश के लोकनिर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को कहा था कि गडकरी ने बाढ़-प्रभावित इलाकों का दौरा करने के राज्य सरकार के आमंत्रण को स्वीकार किया है। सिंह ने ठाकुर से अनुरोध किया कि वह आपदा की इस बेला में राजनीति न करके राज्य सरकार का सहयोग करें।

राज्य में हाल ही में आई बाढ़ में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की बड़ी संख्या में सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अधिकारियों ने अनुमान लगाया कि सड़क संबंधी बुनियादी ढांचे को 1,800-2,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर ने शनिवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा आपदा के समय राज्य सरकार के साथ है, लेकिन सत्तारूढ़ दल ने दो किस्तों में 360 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलने के बावजूद यह कहकर राजनीति शुरू कर दी है कि केंद्र से कोई मदद नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और वायुसेना के हेलीकॉप्टर भेजे हैं और नुकसान का आकलन करने के लिए कई केंद्रीय टीम पहले ही प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुकी हैं।

राज्य सरकार पर ढुलमुल रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मॉनसून से पहले स्थिति की समीक्षा करने और आवश्यक तैयारी के लिए कोई बैठक नहीं की, जिसके परिणामस्वरूप सरकार के पास बाढ़-प्रभावित परिवारों को देने के लिए तंबू तक नहीं थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\