हिंदुस्तान यूनिलीवर का शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में चार प्रतिशत गिरकर 1,512 करोड़ रुपये रहा
वर्ष की अंतिम तिमाही में कोविड- 19 महामारी का प्रभाव कंपनी के कामकाज पर देखा गया।
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल एफएमसीजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर का एकीकृत शुद्ध लाभ 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही में 3.93 प्रतिशत गिरकर 1,512 करोड़ रुपये रह गया।
वर्ष की अंतिम तिमाही में कोविड- 19 महामारी का प्रभाव कंपनी के कामकाज पर देखा गया।
कंपनी ने शेयर बाजार को बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी। उसने कहा कि इससे पहले वित्त वर्ष 2018-19 की इसी तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 1,574 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी ने कहा कि समीक्षाधीन तिमाही के दौरान उसकी बिक्री 9.61 प्रतिशत घटकर 9,055 करोड़ रुपये पर आ गयी, जो एक साल पहले 10,018 करोड़ रुपये रही थी।
कंपनी ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस महामारी के प्रसार ने मार्च के मध्य से कारोबार को प्रभावित किया है। इस महामारी की रोकथाम के लिये लागू राष्ट्रीय लॉकडाउन के बाद परिचालन में गिरावट आयी है। घरेलू उपभोक्ता वृद्धि में नौ प्रतिशत की गिरावट आयी है, जबकि मात्रा के आधार पर वृद्धि में सात प्रतिशत की गिरावट आयी है। कर पूर्व आय में मामूली चार प्रतिशत की कमी आयी है।’’
हालांकि, कंपनी ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल में भी उसका प्रदर्शन बाजार में हिस्सेदारी में वृद्धि के साथ प्रतिस्पर्धात्मक रहा है।
आलोच्य तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च 7,958 करोड़ रुपये की तुलना में 6.86 प्रतिशत घटकर 7,412 करोड़ रुपये पर आ गया।
एचयूएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) संजीव मेहता ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस महामारी हमारे लिये जीवन बचाने के साथ-साथ आजीविका के हिसाब से भी सबसे बड़ी चुनौती है। इस महामारी का मानव जीवन पर प्रभाव अनिश्चित है, और हम यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार और सभी संबंधित भागीदारों के साथ काम करने के लिये पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं कि हम एक साथ इस संकट से बाहर निकलेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भरोसेमंद ब्रांडों का हमारा पोर्टफोलियो, हमारी वित्तीय स्थिरता और नेतृत्व टीम की गुणवत्ता हमें संकट से निपटने के लिये तथा बाद में बदली दुनिया के लिये अच्छी तरह से तैयार करती है। हमारा दृष्टिकोण हमारे बिजनेस मॉडल की रक्षा करना, प्रतिस्पर्धात्मक रूप से बढ़ना और राष्ट्र के लिए योगदान करने का होगा।’’
कंपनी का शेयर बृहस्पतिवार को बीएसई पर 1.63 प्रतिशत गिरकर 2,195.70 रुपये पर बंद हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 07:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

