देश की खबरें | लद्दाख में मारे गये हिमाचल प्रदेश के जवान का गांव में अंतिम संस्कार किया गया

शिमला, 21 अगस्त लद्दाख के लेह जिले में एक दुर्घटना में मारे गये सैनिक विजय कुमार गौतम के पार्थिव शरीर का सोमवार को यहां उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

दक्षिणी लद्दाख के न्योमा में कियारी के पास एक सैन्य वाहन 19 अगस्त को फिसलकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे गौतम सहित नौ सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अधिकारी ने बताया कि गौतम के पार्थिव शरीर को हवाई मार्ग से शिमला के अन्नानडेल ग्राउंड ले जाया गया, वहां से उनके पैतृक गांव दिमनी ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया।

मृतक के भतीजे ने गौतम को मुखाग्नि दी । इस दौरान उनकी पत्नी और दो बच्चों और परिवार के सदस्यों समेत सैकड़ों स्थानीय लोग वहां मौजूद थे ।

गौतम 2004 में सेना में शामिल हुए।

शिमला (ग्रामीण) विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक विक्रमादित्य सिंह दाह संस्कार में शामिल हुये । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जवान की मौत पर शोक जताया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)