देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश ने 50 साल में इतनी भारी बारिश नहीं देखी: मुख्यमंत्री सुक्खू

हमीरपुर/शिमला, 10 जुलाई हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कहा कि राज्य ने बीते 50 वर्ष में इतनी भारी वर्षा नहीं देखी और इस मानसून के मौसम में राज्य को अब तक करीब 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि बीते दो दिन में बारिश के कारण हुए हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई। वहीं, लाहौल एवं स्पीति में चंद्रताल तथा पागल एवं तेलगी नाले के बीच फंसे 400 पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बचाने के प्रयास जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने हमीरपुर में संवाददाताओं को बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संपर्क में हैं तथा स्थिति को लेकर चिंतित हैं।

सुक्खू ने कहा कि बद्दी, कुल्लू तथा ऊना में पुल टूट गए हैं और कुल्लू में लारगी विद्युत परियोजना जलमग्न हो गई है।

एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने रविवार को देर शाम सभी उपायुक्तों से बात की और नुकसान के संबंध में स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने लिए आवश्यक निर्देश दिए।

बयान के अनुसार, पूरी रात जागकर मुख्यमंत्री ने फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए चलाए गए अभियान पर नजर रखी।

सुक्खू ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और पुलिस ने मनाली के पॉटेटो मैदान और मंडी के नागवयिन गांव से फंसे हुए 29 लोगों को निकाला।

मुख्यमंत्री ने लाहौल और स्पीति जिला प्रशासन को चंद्रताल झील के पास फंसे पर्यटकों को पर्याप्त भोजन, दवाएं और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहने को कहा है। साथ ही उन्हें यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि बचाव अभियान समय पर चलाया जा सके।

उन्होंने कहा, ''मैं सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि अनावश्यक यात्रा नहीं करें और जलधाराओं एवं नदियों के पास नहीं जाएं।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)