देश की खबरें | हिमाचल:प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जनजातीय क्षेत्रों के स्कूलों को गैर-अधिसूचित नहीं करने की अपील की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने रविवार को अपनी पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार से जनजातीय इलाकों में स्थित 90 सरकारी स्कूलों को गैर-अधिसूचित करने के फैसले पर आगे नहीं बढ़ने को कहा।

शिमला, 28 मई कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने रविवार को अपनी पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार से जनजातीय इलाकों में स्थित 90 सरकारी स्कूलों को गैर-अधिसूचित करने के फैसले पर आगे नहीं बढ़ने को कहा।

सिंह ने एक बयान में कहा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दूर-दराज के दुर्गम जनजातीय इलाकों में स्कूल खोले थे, ताकि छात्र-छात्राओं को उनके घरों के नजदीक शिक्षा मुहैया कराई जा सके।

कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन स्कूलों में छात्रों की संख्या कम हो सकती है, लेकिन उन्हें गैर-अधिसूचित करना सही नहीं होगा, क्योंकि वे लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिले तथा चंबा जिले के पांगी एवं भरमौर क्षेत्र में स्थित हैं।

इन क्षेत्रों से संपर्क अक्सर बर्फबारी के दौरान टूट जाता है। लाहौल-स्पीति से लौटीं सिंह ने कहा कि जिले के लोगों ने उनसे स्कूल खुले रखने का आग्रह किया है और वह अपनी भावनाओं से सरकार को अवगत करा रही हैं।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने स्कूलों को गैर-अधिसूचित करने के सरकार के प्रस्ताव को ‘जनविरोधी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ स्कूल पिछले दो-तीन वर्षों से काम कर रहे हैं और दूर-दराज के इलाकों में स्थित हैं।

राज्य सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक कारणों और कम दाखिले का हवाला देते हुए 90 माध्यमिक, उच्च और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को गैर-अधिसूचित कर दिया था।

यहां जारी एक अधिसूचना के मुताबिक, गैर-अधिसूचित स्कूलों में 15 से कम छात्रों वाले 20 माध्यमिक विद्यालय, 20 से कम छात्रों वाले 34 उच्च विद्यालय और 25 से कम छात्रों वाले 36 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\