देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश: चुडधार चोटी पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में चुडधार पर्वतरोहण मार्ग के नजदीक बर्फ से ढकी गहरी खाई में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नाहन (हिप्र), 11 मार्च हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में चुडधार पर्वतरोहण मार्ग के नजदीक बर्फ से ढकी गहरी खाई में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय स्वयंसेवकों की टीम ने सोमवार शाम शव को देखा और उनका कहना है कि यह शव हरियाणा के पंचकूला निवासी 28 वर्षीय अक्षय साहनी का हो सकता है, जो 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर चुडधार चोटी पर चढ़ने के दौरान लापता हो गया था।

नौहराधार क्षेत्र के स्वयंसेवकों के मुताबिक शव पर्वतारोहण मार्ग के अंतिम विश्राम स्थल के नजदीक भगवान शिव की मूर्ति के पास मिला।

उन्होंने बताया कि हाल के महीनों में चुडधार क्षेत्र में किसी अन्य पर्वतारोही के लापता होने की सूचना नहीं मिली है।

चुडधार शिखर शिवालिक पर्वतमाला की सबसे ऊंची चोटियों में से एक है, जो सिरमौर जिले में 11,965 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।

संगडाह के सब डिवीजन मजिस्ट्रेट (एसडीएम) सुनील कायथ ने बताया कि प्रशासन अभी पुष्टि नहीं कर सकता कि शव अक्षय साहनी की है। उन्होंने कहा कि अक्षय के माता-पिता को सूचित कर दिया गया है और वे शव की पहचान के लिए संगडाह आ रहे हैं।

एसडीएम ने बताया कि शव को संगडाह लाया जा रहा है जहां पोस्टमार्टम और अन्य वैज्ञानिक परीक्षण किए जाएंगे जिससे पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

अक्षय के लापता होने की सूचना मिलने के बाद 27 फरवरी को जिला प्रशासन ने खोज अभियान शुरू किया जिसमें पांच सदस्यीय राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और नौहराधार थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस कर्मी शामिल थे।

खराब मौसम के कारण खोज अभियान बार-बार बाधित हुआ और टीम युवक को खोजने में विफल रही।

इसके बाद, अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली की एक टीम को भी दो मार्च को खोज अभियान में शामिल किया गया, लेकिन खराब मौसम के कारण वे भी असफल रहे।

माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही बलजीत कौर ने चुडधार घाटी में खोज अभियान शुरू किया, लेकिन अंततः नौहराधार गांव और आसपास के क्षेत्रों के स्वयंसेवकों की टीम ने बर्फीली खाई में शव को खोज निकाला।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now