देश की खबरें | हिमाचल सरकार स्नातकोत्तर कर रहे चिकित्सकों को देगी पूरा वेतन : मुख्यमंत्री सुक्खू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश सरकार स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे चिकित्सकों को ड्यूटी पर मानते हुए पूरे वेतन का भुगतान करेगी। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
शिमला, 25 अक्टूबर हिमाचल प्रदेश सरकार स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे चिकित्सकों को ड्यूटी पर मानते हुए पूरे वेतन का भुगतान करेगी। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने बताया कि इससे पहले मंत्रिमंडल ने अध्ययन अवकाश पर गए चिकित्सकों के वेतन में 40 प्रतिशत की कटौती का फैसला किया था जिससे चिकित्सकों को आगे की पढ़ाई का चुनाव करने में मुश्किल का सामना करना पड़ता था।
यहां जारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्नातकोत्तर करने वाले चिकित्सकों, सीनियर रेजीडेंसी या डीएम स्तर की पढ़ाई के लिए छुट्टी पर जाने वाले चिकित्सकों को ‘ड्यूटी’ पर मानने का फैसला किया है।
सुक्खू ने कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश में स्नातकोत्तर करने वाले चिकित्सा छात्रों को पढ़ाई के दौरान पूरा वेतन मिलेगा। ये चिकित्सक मरीजों के इलाज की जिम्मेदारी के साथ अपनी शैक्षणिक प्रतिबद्धताओं को पूरा कर रहे हैं जो उनकी पेशेवर उन्नति एवं राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली की बेहतरी के लिए आवश्यक है।
यह फैसला चिकित्सा अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया है जिन्होंने वेतन में 40 प्रतिशत कटौती का मुद्दा उठाया था।
हिमाचल प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ के अध्यक्ष डॉ.राजेश ने कहा, ‘‘ इससे चिकित्सकों की एक बड़ी चिंता का समाधान हो जाएगा क्योंकि पूर्व के प्रावधान में वेतन में 40 प्रतिशत की कटौती हतोत्साहित करने वाली थी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 25, 2024 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

