जरुरी जानकारी | आर्थिक-राजनीतिक संकट से घिरे श्रीलंका में पहुंचे सबसे ज्यादा भारतीय पर्यटक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. श्रीलंका में जारी आर्थिक एवं राजनीतिक संकट के बावजूद भारत के पर्यटकों ने गर्मियों की छुट्टियां मनाने के लिए यहां पहुंचने में कोई झिझक नहीं दिखाई है। मई में श्रीलंका पहुंचने वाले विदेशी पर्यटकों में भारत के लोग सबसे आगे हैं।

कोलंबो, सात जून श्रीलंका में जारी आर्थिक एवं राजनीतिक संकट के बावजूद भारत के पर्यटकों ने गर्मियों की छुट्टियां मनाने के लिए यहां पहुंचने में कोई झिझक नहीं दिखाई है। मई में श्रीलंका पहुंचने वाले विदेशी पर्यटकों में भारत के लोग सबसे आगे हैं।

श्रीलंका पर्यटन विकास प्राधिकरण (एसएलटीडीए) ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि मई के महीने में भारत से कम-से- कम 5,562 पर्यटक श्रीलंका आए। इसके बाद ब्रिटेन का स्थान आता है जिसके 3,723 पर्यटक घूमने के लिए श्रीलंका पहुंचे।

हालांकि श्रीलंका में संकट गहराने से मई में विदेशी मेहमानों का कुल आगमन अप्रैल की तुलना में आधा रह गया। मई में श्रीलंका आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की कुल संख्या 30,207 थी। अप्रैल की तुलना में मई के महीने में विदेशी पर्यटकों की संख्या 52 प्रतिशत कम हुई है जबकि मार्च की तुलना में यह गिरावट 72 प्रतिशत तक रही।

अप्रैल में 11,500 आगंतुकों के साथ ब्रिटेन श्रीलंका में छुट्टी मनाने वालों की सूची में सबसे ऊपर था। उसके बाद भारत 8,678 आगंतुकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा था।

श्रीलंका के लिए विदेशी मुद्रा कमाने के प्रमुख स्रोत पर्यटन में आई इस गिरावट के लिए पिछले कुछ महीनों से जारी आर्थिक एवं राजनीतिक संकट को जिम्मेदार माना जा रहा है। इस बयान में भी यह आशंका जताई गई है।

जरूरी सामान की खरीद के लिए भी विदेशी मदद की बाट देख रहे श्रीलंका में सरकार के खिलाफ अप्रैल की शुरुआत से ही सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। इस दौरान भड़के हिंसक प्रदर्शनों में कुछ लोगों की मौत भी हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\