देश की खबरें | अगले 48 घंटों में ओडिशा, बंगाल के तटीय जिलों में भारी बारिश का अनुमान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई तटीय जिलों में अगले 48 घंटों में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है क्योंकि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र अवदाब (डिप्रेशन) में बदल गया है।
भुवनेश्वर/कोलकाता, 15 नवंबर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई तटीय जिलों में अगले 48 घंटों में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है क्योंकि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र अवदाब (डिप्रेशन) में बदल गया है।
आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि सुबह साढ़े आठ बजे मंगलवार को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और आसपास के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया और एक अवदाब में बदल कर पश्चिममध्य बंगाल की खाड़ी में केंद्रित हो गया जो विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 510 किमी दक्षिण-पूर्व में, पारादीप (ओडिशा) से 650 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और दीघा (पश्चिम बंगाल) से 790 किमी दक्षिण में है।
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर स्थित अवदाब के तीव्र होकर गहन अवदाब में बदलने और 18 नवंबर को उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र में पहुंचने का अनुमान है।
आईएमडी के महानिदेशक (डीजी) मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि इस तंत्र के शुरू में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है, फिर यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर और बृहस्पतिवार सुबह आंध्र प्रदेश तट से दूर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव में तब्दील हो सकता है।
आईएमडी के डीजी ने कहा, “इसके बाद, यह उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर फिर से मुड़ेगा और 17 नवंबर की सुबह ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर और 18 नवंबर की सुबह उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर पहुंचेगा।”
मौसम विभाग ने कहा कि इसकी वजह से 15 नवंबर को पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी और धीरे-धीरे तीव्रता बढ़ेगी, जिससे 16 नवंबर को भारी बारिश होगी और 17 नवंबर को इन क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश होगी।
इसने मछुआरों को 16 से 18 नवंबर तक पश्चिम बंगाल के तटों और उसके आसपास समुद्र में न जाने की भी सलाह दी।
इस बीच, अधिकांश तटीय क्षेत्र में बादल छाए रहे जबकि दक्षिणी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
आईएमडी ने ओडिशा के पुरी, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, भद्रक और बालासोर जिलों में 16 नवंबर को एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (सात से 11 सेंटीमीटर) की चेतावनी जारी की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)