एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | नागपुर जिले में भारी बारिश और बाढ़ से युवक की मौत, 71 गांवों से संपर्क टूटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के नागपुर जिले में भारी बारिश और बाढ़ संबंधी दो अलग-अलग घटनाओं में बुधवार को एक युवक की मौत हो गई जबकि एक बाढ़ में बह गया। जिले के 71 गांवों का भी संपर्क टूट गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | नागपुर जिले में भारी बारिश और बाढ़ से युवक की मौत, 71 गांवों से संपर्क टूटा

नागपुर, नौ जुलाई महाराष्ट्र के नागपुर जिले में भारी बारिश और बाढ़ संबंधी दो अलग-अलग घटनाओं में बुधवार को एक युवक की मौत हो गई जबकि एक बाढ़ में बह गया। जिले के 71 गांवों का भी संपर्क टूट गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार के लिए नागपुर और वर्धा जिलों के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया जबकि अमरावती और यवतमाल के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट, और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के अकोला, वाशिम, बुलढाणा, चंद्रपुर, भंडारा और गोंदिया जिलों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।

एक अधिकारी ने बताया कि नागपुर जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर कलमेश्वर तहसील के बोरगांव निवासी अनिल हनुमंत पानपट्टे (35) सुबह लगभग 7.30 बजे एक उफनते नाले में बह गए। उन्होंने बताया कि पानपट्टे का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारी ने बताया कि तड़के करीब चार बजे कार्तिक शिवशंकर लाडसे (18) यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर उप्पलवाड़ी में एक उफनते नाले में गिर गया। उन्होंने बताया कि बाद में उसका शव बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने बताया कि भारी बारिश के कारण ग्रामीण नागपुर के 71 गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। उन्होंने बताया कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की मदद से प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए आईएमडी द्वारा जारी ‘रेड’ अलर्ट के मद्देनजर नागपुर जिला प्रशासन ने बुधवार को सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।

जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के बाद नालों और नदियों के जलस्तर में वृद्धि के मद्देनजर नागपुर से गुजरने वाले कुछ राज्य राजमार्गों को भी यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।

आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, नागपुर में मंगलवार को रात साढ़े आठ बजे से बुधवार को सुबह साढ़े पांच बजे के बीच नौ घंटों में 172.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

नागपुर के जिला कलेक्टर विपिन इटानकर ने पहले एक आदेश में कहा था कि जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो रही है और बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 07:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).