देश की खबरें | राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश , वर्षा जनित हादसों में पांच की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते राजस्थान के टोंक, पाली, बूंदी और भीलवाड़ा जिले में कई स्थानों पर बीते चौबीस घंटे के दौरान अत्याधिक भारी बारिश हुई। कुछ स्थानों पर पटरियों पर पानी भरने से रेल सेवाएं प्रभावित हुईं ।
जयपुर, पांच अगस्त दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते राजस्थान के टोंक, पाली, बूंदी और भीलवाड़ा जिले में कई स्थानों पर बीते चौबीस घंटे के दौरान अत्याधिक भारी बारिश हुई। कुछ स्थानों पर पटरियों पर पानी भरने से रेल सेवाएं प्रभावित हुईं ।
पुलिस के अनुसार बारिश जनित हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार बारिश के कारण गाड़ी संख्या 14821 जोधपुर-साबरमती व गाड़ी संख्या 12462 साबरमती-जोधपुर पांच अगस्त को रद्द रहेगी। इसी तरह कई ट्रेन आंशिक रूप से रद्द की गई हैं और कुछ ट्रेन को मार्ग में बदलाव कर चलाया जा रहा है।
ब्यावर जिले में बारिश के दौरान रेल की पटरियों पर पहाड़ टूटकर गिर गया। पहाड़ का मलबा पटरियों पर गिरने से मालगाड़ी का एक इंजन और एक डिब्बा पटरी से उतर गया। वहीं बांदनवाड़ा स्थित चारभुजा मंदिर के पास एक भवन ढह गया। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार जोधपुर के बोरानाड़ा इलाके में एक कारखाने की दीवार ढह जाने से 13 मजदूर मलबे में दब गए। मलबे में दबने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि पाली में एक बाइक सवार बह गया और उसका शव तीन किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिला।
उन्होंने बताया कि सोजत इलाके में एक कच्चा मकान गिरने से एक महिला गीता देवी की मलबे में दबने से मौत हो गई।
वहीं भीलवाड़ा के बिजौलिया में स्थित मेनाल झरने में एक युवक बह गया और 150 फुट नीचे गिर गया। युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया था। दोपहर करीब 12 बजे नहाते समय सेल्फी लेने के चक्कर में उसका पैर फिसल गया।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में मानसून की बारिश का दौर जारी है। सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे खत्म हुए पिछले चौबीस घंटे के दौरान टोंक के नगरफोर्ट में 321 मिलीमीटर (मिमी) व दूनी में 219 मिमी, पाली के सोजत में 261 मिमी, बूंदी के हिंडोली में 217 मिमी तथा भीलवाड़ा के जहाजपुर में 213 मिमी बारिश हुई जो अत्यधिक भारी बारिश की श्रेणी में आती है।
इसी दौरान बाड़मेर के कल्याण में 190 मिमी, अजमेर के सरवाड़ में 181 मिमी, अजमेर के केकड़ी में 180 मिमी, अजमेर के गेवल में 166 मिमी, अजमेर के मांगलियावास में 155 मिमी, झालावाड़ के बकानी में 133 मिमी,बारां के किशनगंज में 158 मिमी बारिश हुई।
केन्द्र के अनुसार सोमवार सुबह से शाम साढ़े पांच बजे तक अजमेर में 102.4 मिलीमीटर, जालोर में 89 मिलीमीटर, फलोदी में 36.4 मिलीमीटर, जोधपुर में 29.2 मिलीमीटर, जैसलमेर में 21 मिलीमीटर, डूंगरपुर में 11 मिलीमीटर और बाडमेर में 10.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम केंद्र के अनुसार, मध्य प्रदेश के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र आज पूर्वी राजस्थान पहुंच गया तथा कमजोर होकर अवदाब में परिवर्तित हो गया है। इसके आगामी 24 घंटे में और धीरे-धीरे पश्चिमी राजस्थान की तरफ आगे बढ़ने तथा और कमजोर होने की संभावना है।
इस तंत्र के प्रभाव से आज सोमवार को अजमेर, पाली, राजसमंद, जालौर, सिरोही, नागौर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर जिलों में भारी व कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है।
पाली, नागौर, जोधपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश (200 मिमी से अधिक) होने की संभावना है।
मौसम केंद्र के अनुसार अजमेर, जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भारी बारिश का दौर छह अगस्त को भी जारी रहने की संभावना है।
इस दौरान जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 05, 2024 10:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

