जरुरी जानकारी | अदाणी समूह के शेयरों में भारी गिरावट;अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का शेयर 20 प्रतिशत लुढ़का
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अदाणी समूह के शेयरों में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट आई। अदाणी एनर्जी और अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 20 प्रतिशत तक लुढ़क गए।
नयी दिल्ली, 21 नवंबर अदाणी समूह के शेयरों में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट आई। अदाणी एनर्जी और अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 20 प्रतिशत तक लुढ़क गए।
उद्योगपति गौतम अदाणी पर अमेरिकी अभियोजकों के भारत में सौर बिजली अनुबंध हासिल करने के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को 25 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने का आरोप लगाने के बाद समूह की कंपनियों के शेयर में भारी गिरावट आई है।
बीएसई पर समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 20 प्रतिशत, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में 20 प्रतिशत, अदाणी ग्रीन एनर्जी में 19.17 प्रतिशत, अदाणी टोटल गैस में 18.14 प्रतिशत, अदाणी पावर में 17.79 प्रतिशत और अदाणी पोर्ट्स के शेयर में 15 प्रतिशत की गिरावट आई।
इसके अलावा समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स का शेयर 14.99 प्रतिशत, एसीसी 14.54 प्रतिशत, एनडीटीवी 14.37 प्रतिशत और अदाणी विल्मर का शेयर 10 प्रतिशत लुढ़का।
समूह की कुछ कंपनियों ने दिन के लिए अपनी निचली सीमा को छुआ।
इसका असर घरेलू बाजारों पर भी दिखा और बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 547.76 अंक की गिरावट के साथ 77,030.62 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 219.10 अंक फिसलकर 23,306.45 अंक पर आ गया।
अमेरिकी अभियोजकों ने अदाणी (62), उनके भतीजे सागर अदाणी और अन्य पर सौर ऊर्जा अनुबंध हासिल करने के लिए 2020 से 2024 के बीच भारतीय सरकारी अधिकारियों को 25 करोड़ डॉलर से अधिक की रिश्वत देने का आरोप लगाया। एक अनुमान के अनुसार इससे समूह को संभावित रूप से दो अरब डॉलर से अधिक का लाभ हो सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब उन अमेरिकी बैंकों और निवेशकों से छुपाया गया, जिनसे अदाणी समूह ने इस परियोजना के लिए अरबों डॉलर जुटाए थे।
अमेरिकी कानून अपने निवेशकों या बाजारों से जुड़े विदेशों में भ्रष्टाचार के आरोपों को आगे बढ़ाने की अनुमति देता है।
अदाणी समूह से इन आरोपों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 21, 2024 10:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

