देश की खबरें | ‘रणवीर इलाहाबादिया की पासपोर्ट लौटाने के अनुरोध वाली याचिका पर 28 अप्रैल को सुनवाई’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को कहा कि ‘पॉडकास्टर’ रणवीर इलाहाबादिया के संबंध में जांच पूरी हो गई है और यूट्यूब कार्यक्रम में अभद्र टिप्पणी के मामले में पासपोर्ट वापस करने के अनुरोध वाली उनकी याचिका पर 28 अप्रैल को सुनवाई की जाएगी।
नयी दिल्ली, 21 अप्रैल उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को कहा कि ‘पॉडकास्टर’ रणवीर इलाहाबादिया के संबंध में जांच पूरी हो गई है और यूट्यूब कार्यक्रम में अभद्र टिप्पणी के मामले में पासपोर्ट वापस करने के अनुरोध वाली उनकी याचिका पर 28 अप्रैल को सुनवाई की जाएगी।
शीर्ष अदालत ने यूट्यूब कार्यक्रम के दौरान टिप्पणियों को लेकर इलाहाबादिया के खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकी के संबंध में 18 फरवरी को उन्हें गिरफ्तारी से राहत प्रदान की थी और उन्हें ठाणे के नोडल साइबर पुलिस थाने के जांच अधिकारी के पास अपना पासपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया था।
न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने कहा कि वह इलाहाबादिया की याचिका पर 28 अप्रैल को विचार करेगी।
सुनवाई के दौरान असम और महाराष्ट्र पुलिस की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि गुवाहाटी की प्राथमिकी में एक सह-आरोपी का बयान दर्ज किया जाएगा, जबकि मुंबई में प्राथमिकी के संबंध में जांच पूरी हो चुकी है लेकिन आरोप पत्र दाखिल किया जाना बाकी है।
पीठ ने मेहता का बयान दर्ज किया और पाया कि इलाहाबादिया के मामले में जांच पूरी हो चुकी है।
शीर्ष अदालत ने तीन मार्च को इलाहाबादिया को अपने पॉडकास्ट ‘द रणवीर शो’ को फिर से शुरू करने की अनुमति दी, बशर्ते कि वह ‘नैतिकता और शालीनता’ बनाए रखें और इसे सभी उम्र के दर्शकों के लिए उपयुक्त बनाएं।
‘बीयरबाइसेप्स’ के नाम से मशहूर इलाहाबादिया पर ‘कॉमेडियन’ समय रैना के यूट्यूब कार्यक्रम ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में माता-पिता और यौन संबंधों पर उनकी टिप्पणियों के लिए मामला दर्ज किया गया था।
शीर्ष अदालत ने शुरू में इलाहाबादिया को अपने पॉडकास्ट के किसी भी कार्यक्रम को प्रसारित करने से रोक दिया था जिसका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उन विचाराधीन मामलों के गुण-दोष पर असर पड़ता हो, जिनमें वह शामिल थे।
शीर्ष अदालत ने 18 फरवरी को इलाहाबादिया को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान किया, जबकि उनकी टिप्पणियों को ‘‘अश्लील’’ कहा और कहा कि उनके दिमाग में ‘‘गंदगी’’ भरी है, जो समाज को शर्मसार करती है।
इलाहाबादिया और रैना के अलावा असम में दर्ज मामले में नामित अन्य लोगों में कॉमेडियन आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह और अपूर्व मखीजा शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2025 02:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

