देश की खबरें | संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क के खिलाफ अवैध निर्माण मामले की सुनवाई 22 जुलाई तक स्थगित

संभल (उप्र), 15 जुलाई संभल से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद जियाउर्रहमान बर्क द्वारा कथित अवैध निर्माण से संबंधित मामले की सुनवाई मंगलवार को वकीलों के न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण अब 22 जुलाई को होगी।

यह मामला सपा सांसद द्वारा दीपा सराय इलाके में कथित तौर पर नक्शा स्वीकृत कराये बगैर एक मकान का निर्माण करने से संबंधित है।

अधिकारियों ने बताया कि विनियमित क्षेत्र के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) विकास चंद्र ने पिछले साल पांच दिसंबर को सांसद को एक नोटिस जारी किया था।

चंद्र के अनुसार सांसद को संशोधित भवन मानचित्र प्रस्तुत करने के कई अवसर दिए गए थे।

सांसद को आठ जुलाई को हुई पिछली सुनवाई में संशोधित मानचित्र कथित तौर पर प्रदान किया गया था। हालांकि संसद ने दावा किया कि उन्हें यह प्राप्त नहीं हुआ लेकिन अदालत ने उनके इस जवाब को असंतोषजनक माना था।

उप जिलाधिकारी की अदालत ने सांसद पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया था, जिसे जमा कर दिया गया है।

चंद्रा ने संवाददाताओं से कहा कि मंगलवार को इस मामले में सुनवाई होनी थी लेकिन अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण यह नहीं हो सकी। मामले की अगली सुनवाई अब 22 जुलाई को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)