देश की खबरें | वह अपने सिनेमा से हमेशा जीवित रहेंगे: मित्रों, राजनेताओं, साथी कलाकारों ने सौमित्र को किया याद
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोलकाता/नयी दिल्ली/मुंबई, 15 नवंबर कोलकाता के एक अस्पताल में प्रख्यात अभिनेता सौमित्र चटर्जी का लंबी बीमारी के बाद रविवार को निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे। चटर्जी को राजनेता और साथी कलाकार एक महान सांस्कृतिक प्रतीक, भरोसेमंद दोस्त और विविध क्षेत्रों में रुचि रखने वाले दिग्गज के तौर पर याद कर रहे हैं।

चटर्जी को छह अक्टूबर को अस्पताल में कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने पर भर्ती कराया गया था। वह संक्रमण से उबर गए लेकिन उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ।

यह भी पढ़े | Bihar: बिहार में 8 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या, शव को बक्से में छिपाया.

चटर्जी ने 1959 में सत्यजीत रे की प्रसिद्ध अपु श्रृंखला की तीसरी फिल्म ‘अपुर संसार’ से फिल्मी करियर की शुरुआत की थी और इसके बाद उन्होंने रे के साथ “चारुलता”, “घरे बायरे”, “देवी” और “अर्यनेर दिन रात्रि” जैसी कई फिल्मों में काम किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चटर्जी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनका निधन विश्व सिनेमा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और पूरे देश के सांस्कृतिक जीवन के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र में सोमवार से खुल रहे हैं धार्मिक स्थान, यहां पढ़ें श्री सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन के लिए कैसे मिलेगी एंट्री.

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘श्री सौमित्र चटर्जी का निधन विश्व सिनेमा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और पूरे देश के सांस्कृतिक जीवन के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके निधन से अत्यंत दुख हुआ है। परिजनों और प्रशंसकों के लिए मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!’’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वयोवृद्ध अभिनेता के निधन को बंगाल के लिये बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि चटर्जी “एक योद्धा थे जिन्हें उनके काम के लिये याद किया जाता रहेगा। यह बंगाल और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के लिये दुखद दिन है।”

बनर्जी ने ट्विटर पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “फेलूदा नहीं रहे। ‘अपु’ ने अलविदा कह दिया। विदाई, सौमित्र (दा) चटर्जी। वह अपने जीवनकाल में दिग्गज रहे। अंतरराष्ट्रीय, भारतीय और बंगाली सिनेमा ने एक महान सितारा खो दिया। हमें आपकी कमी बहुत महसूस होगी। बंगाल का फिल्म जगत अनाथ हो गया।”

बनर्जी ने घोषणा की कि चटर्जी के अंतिम संस्कार से पहले उन्हें बंदूकों से सलामी दी जाएगी।

बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे बड़ी क्षति बताया।

चटर्जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वे बंगाली सिनेमा को नई ऊंचाई तक लेकर गए।

उन्होंने कहा, “सौमित्र दा के तौर पर भारतीय रजट पट ने एक रत्न खो दिया। मेरी भावनाएं व प्रार्थना उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति शांति शांति।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी चटर्जी के निधन पर शोक व्यक्त किया। गांधी ने ट्वीट किया, “दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित श्री सौमित्र चटर्जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ, एक शानदार अभिनेता और राष्ट्र उन्हें याद करेगा। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी चटर्जी के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका अभिनय युवा पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।

नड्डा ने ट्वीट किया, ‘‘प्रख्यात बंगाली कलाकार श्री सौमित्र चटर्जी के निधन पर गहरा दुख पहुंचा है। उनका लंबा और उत्कृष्ट करियर रहा और इस दौरान उन्होंने अभिनय के लिए कई पुरस्कार हासिल किए। वह युवा पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे। उनके परिवार के सदस्यों और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।’’

“अपुर संसार”, “देवी” और कई अन्य फिल्मों में दिवंगत अभिनेता के साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री शर्मिला टैगोर ने कहा कि चटर्जी उनके सबसे करीबी मित्र थे।

टैगोर ने ‘पीटीआई-’ को बताया, “जब हम ‘अपुर संसार’ में काम कर रहे थे तो मैं 13 वर्ष की थी और वह मुझसे 10 साल बड़े थे। मैं उनका बेहद सम्मान और सराहना करती थी। टाइगर (पति) और शशि कपूर के बाद वह मेरे सबसे पुराने मित्रों में से थे। वह बेहद भरोसेमंद और मजाकिया दोस्त थे।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)