एजेंसी न्यूज

एचडीबी फाइनेंशियल ने प्रदर्शन की समीक्षा के बाद की छंटनी: अधिकारी

कंपनी ने लॉकडाउन (बंद) के दौरान करीब 150 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। निकाले गये कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिये लगाये गये लॉकडाउन से कंपनी की वित्तीय स्थिति खराब होने के कारण नौकरी से निकलने को कहा गया।

एचडीबी फाइनेंशियल ने प्रदर्शन की समीक्षा के बाद की छंटनी: अधिकारी
जमात

नयी दिल्ली, 11 मई एचडीएफसी समूह की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज ने नौकरी से निकाले गये कर्मचारियों के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उसने प्रदर्शन की समीक्षा के आधार पर छंटनी की है।

कंपनी ने लॉकडाउन (बंद) के दौरान करीब 150 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। निकाले गये कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिये लगाये गये लॉकडाउन से कंपनी की वित्तीय स्थिति खराब होने के कारण नौकरी से निकलने को कहा गया।

कंपनी के एक अधिकारी ने इस बारे में कहा कि यह सालाना प्रदर्शन समीक्षा का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि छांटे गये कुछ कर्मचारियों के साथ नैतिकता का भी मुद्दा है।

नौकरी से निकाले गये कुछ कर्मचारियों ने इसके बारे में सोशल मीडिया पर लिखा है। उनका आरोप है कि कंपनी ने उनसे तत्काल त्याग पत्र देने को कहा और ऐसा नहीं करने पर नौकरी से निकाल देने की चेतावनी दी। इन कर्मचारियों का कहना है कि इसके लिये उन्हें कंपनी के मानव संसाधन विभाग और उनके वरिष्ठ प्रबंधकों के फोन भी आये।

छांटे गये कर्मचारियों ने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के उन्हें नौकरी से निकाला जाना अनैतिक है। वह भी ऐसे समय में जब नयी नौकरी ढूंढना लगभग असंभव है।

हालांकि एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेस की मातृ कंपनी एचडीएफसी बैंक ने एक बयान में कहा कि इस छंटनी का मौजूदा आर्थिक हालातों से कुछ लेना देना नहीं है। यह छंटनी कर्मचारियों के प्रदर्शन के आधार पर की गयी है। यह उसके कुल कर्मचारियों की संख्या के मुकाबले बहुत छोटी सी संख्या है।

इस बारे में संपर्क करने पर एचडीएफसी बैंक ने कहा कि असंतुष्ट कर्मचारियों का एक समूह ट्विटर पर यह सब बातें लिख रहा है। उन्हें उनके प्रदर्शन के आधार पर निकाला गया है और उन्हें इसके बारे में पर्याप्त समय पहले सूचना दे दी गयी थी।

बैंक ने एक बयान में कहा, ‘‘कुछ असंतुष्ट कर्मचारी मौजूदा परिस्थितियों का लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। यह उसके एक लाख से अधिक कर्मचारियों के मुकाबले बहुत छोटी संख्या है। इसका मौजूदा लॉकडाउन और उससे उपजी आर्थिक परिस्थिति से कुछ लेना-देना नहीं है।’’

बैंक ने कहा कि 31 मार्च 2019 तक एचडीबी फाइनेंशियल के कर्मचारियों की संख्या में 15,794 का इजाफा हुआ है। यह 93,373 से बढ़कर 1,09,167 हो गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2020 10:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).