एजेंसी न्यूज

Hathras stampede: राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा बढ़ाने की मांग की

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हाथरस में मची भगदड़ के पीड़ितों के लिए मुआवजे की राशि बढ़ाने का आग्रह किया है और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है.

Hathras stampede: राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा बढ़ाने की मांग की
Credit -ANI

नयी दिल्ली, 7 जुलाई: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हाथरस में मची भगदड़ के पीड़ितों के लिए मुआवजे की राशि बढ़ाने का आग्रह किया है और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है. आदित्यनाथ को लिखे पत्र में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मुआवजा जल्द से जल्द दिया जाना चाहिए और घायलों को उचित उपचार मुहैया कराया जाना चाहिए. हाथरस में मंगलवार को प्रवर्चनकर्ता ‘भोले बाबा’ के सत्संग में मची भगदड़ में कुल 121 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं. गांधी ने शुक्रवार सुबह पीड़ित परिवारों से मुलाकात की थी. आदित्यनाथ ने घोषणा की थी कि मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाएगा. गांधी ने छह जुलाई को आदित्यनाथ को लिखे अपने पत्र में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित मुआवजा अपर्याप्त है. मैं आग्रह करता हूं कि मुआवजे की राशि बढ़ाई जाए और इसे जल्द से जल्द दिया जाए.’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि घायलों को उचित उपचार और उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘‘हाथरस में भगदड़ की घटना में 120 से अधिक लोगों की मौत की खबर से मैं स्तब्ध हूं. मैं हृदय में पीड़ा के साथ आपको यह पत्र लिख रहा हूं और मुझे पता है कि आप भी उस पीड़ा को महसूस कर रहे होंगे.’’ गांधी ने कहा कि उन्होंने अलीगढ़ और हाथरस जिलों के कई पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनका दर्द बांटने की कोशिश की. उन्होंने पत्र में लिखा, ‘‘हादसा इतना दुखद है कि परिजन से मिलते समय मेरे पास सांत्वना के लिए शब्द कम पड़ गए. अनेक परिवारों ने इस दुर्घटना में अपना जो कुछ भी खोया है, उसकी पूर्ति तो किसी तरह संभव नहीं है लेकिन हम पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करके उनकी पीड़ा को कम करने का प्रयास अवश्य कर सकते हैं.’’ यह भी पढ़ें : PM Modi On Trip To Austria: पीएम मोदी ने कहा, ऑस्ट्रिया की यात्रा से दोनों देशों के संबंध मजबूत होंगे

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘पीड़ित परिवारों ने मुझसे यह भी साझा किया कि इस पूरी घटना के लिए स्थानीय प्रशासन की लापरवाही और असंवेदनशीलता जिम्मेदार है. इस मामले में उचित और पारदर्शी जांच न केवल भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की दिशा में एक कदम होगी, बल्कि इससे इन पीड़ित परिवारों का न्याय व्यवस्था में विश्वास भी पुन: स्थापित होगा.’’ उन्होंने कहा कि न्याय के नजरिए से भी दोषियों को ‘‘कठोर सजा’’ दिया जाना आवश्यक है. उन्होंने कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में हम सभी का दायित्व है कि हम पीड़ित परिवारों का साथ दें. कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता और स्वयं मैं इस मामले में आपकी हरसंभव मदद के लिए उपलब्ध हैं. आशा है कि इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए आप सहायता के संदर्भ में किए जाने वाले कार्यों को विशेष प्राथमिकता देंगे.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2024 01:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).