देश की खबरें | हरियाणा विस: कांग्रेस नेता कादियान का निलंबन वापस लिया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा विधानसभा सत्र से कांग्रेस नेता रघुवीर सिंह कादियान का निलंबन सोमवार को वापस ले लिया गया। कादियान ने चार मार्च को राज्य सरकार द्वारा पेश किये गए धर्मांतरण रोधी विधेयक की एक प्रति फाड़ दी थी। इसके लिए उन पर सदन के वर्तमान बजट सत्र में शामिल होने पर पाबंदी लगा दी गई थी।

चंडीगढ़, सात मार्च हरियाणा विधानसभा सत्र से कांग्रेस नेता रघुवीर सिंह कादियान का निलंबन सोमवार को वापस ले लिया गया। कादियान ने चार मार्च को राज्य सरकार द्वारा पेश किये गए धर्मांतरण रोधी विधेयक की एक प्रति फाड़ दी थी। इसके लिए उन पर सदन के वर्तमान बजट सत्र में शामिल होने पर पाबंदी लगा दी गई थी।

छह बार विधायक रह चुके कादियान ने विधेयक की प्रति फाड़ने की घटना पर खेद प्रकट किया जिसके बाद सदन ने उनका निलंबन वापस लेने का प्रस्ताव पारित किया। कांग्रेस नेता के निलंबन के मुद्दे पर सदन में हंगामा होने से पहले, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोमवार को इस मुद्दे को उठाया और कहा कि वह कादियान द्वारा विधेयक की प्रति फाड़ने को सही नहीं ठहरा रहे लेकिन इसे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की उकसावे वाली टिप्पणी की प्रतिक्रिया में अचानक किये गए काम के तौर पर देखा जाना चाहिए।

हरियाणा अवैध धर्मांतरण रोकथाम विधेयक 2022 को पेश किये जाने के बाद कांग्रेस नेताओं पर चुटकी लेते हुए, खट्टर ने शुक्रवार को सदन में कहा था कि “इन बेंचों पर बैठे सभी लोग अपना धर्मांतरण करवा सकते हैं।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि विधेयक में यह भी प्रावधान किया गया है कि अगर कोई व्यक्ति धर्मांतरण करना चाहता है तो उसे इसके लिए जिलाधिकारी को एक आवेदन सौंपना होगा।

खट्टर के इस बयान पर कांग्रेस विधायकों ने कड़ी आपत्ति की थी। बाद में मुख्यमंत्री ने अपना बयान वापस ले लिया था। शुक्रवार को विधेयक पेश किये जाने के बाद, कादियान ने आरोप लगाया था कि इससे “विभाजनकारी राजनीति” के इरादे का पता चलता है।

इसके साथ ही उन्होंने विधेयक को प्रवर समिति को भेजने की मांग उठाई थी। हुड्डा ने कहा, “मैं यह नहीं कहता कि विधेयक को फाड़ा जाना चाहिए था। लेकिन सदन के नेता (मुख्यमंत्री) ने कुछ ऐसी टिप्पणी की थी जिसके लिए उन्होंने बाद में खेद जताया। मैं कह रहा हूं कि उकसाया गया था और उस उकसावे में उन्होंने (कादियान) विधेयक की प्रति को फाड़ा। मुख्यमंत्री के बयान से वह अचानक से उद्विग्न हो गए थे।”

उन्होंने कहा, “यह अच्छा हुआ कि मुख्यमंत्री ने अपना बयान वापस ले लिया लेकिन यहां मैं अचानक से उकसाने की बात कह रहा हूं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now