देश की खबरें | हरियाणा हिंसा: दिल्ली में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के कुछ जिलों में हुई हिंसा की घटनाओं के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, दो अगस्त हरियाणा के कुछ जिलों में हुई हिंसा की घटनाओं के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के नूंह और गुरुग्राम में हुई साम्प्रदायिक हिंसा के विरोध में बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई स्थानों पर प्रदर्शन किए, जिससे दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ और जाम लग गया।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बजरंग दल के समर्थक निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन के समीप हनुमान चालीसा पढ़ते देखे जा सकते हैं। बाद में, उन्होंने विकास मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया।
दिल्ली पुलिस ने कहा, ‘‘दिल्ली की सीमा से लगे हरियाणा के कुछ जिलों में हिंसा के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं और आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। दिल्ली की सुरक्षा और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा।’’
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है साथ ही वह शांति समितियों के साथ बैठकें भी कर रही है, इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली की सीमाओं पर वाहनों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, इसके अलावा कई इलाकों में पैदल गश्त भी की जा रही है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे हैं।
बदरपुर बार्डर पर भी कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ।
दिल्ली पुलिस की प्रवक्ता सुमन नलवा ने कहा, ‘‘दिल्ली के आसपास के इलाकों में तनाव और हिंसा को देखते हुए, हमने सुरक्षा के उपयुक्त इंतजाम किये हैं। हमारे सभी वरिष्ठ अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में हैं कि सुरक्षा से संबंधित कोई दिक्कत न हो। हमारा राष्ट्रीय त्योहार नजदीक है और उसके बाद जी20 (शिखर सम्मेलन) है। इसलिए हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि कोई गड़बड़ी नहीं हो।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘हम लोगों से निगरानी रखने की अपील करते हैं। अगर उन्हें कुछ भी संदिग्ध लगता है, तो वे 112 नंबर पर कॉल कर सकते हैं। हम सोशल मीडिया पर भी नज़र रख रहे हैं क्योंकि ऐसी हिंसा आमतौर पर सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काई जाती है। मैं लोगों से अपील करना चाहती हूं कि यदि उन्हें कुछ भी गलत लगता है या उन्हें कोई संदेश भेजा जाता है तो वे पुलिस को फोन करें। हम उचित कार्रवाई करेंगे।’’
उत्तर पूर्वी जिले में बजरंग दल के समर्थकों ने प्रदर्शन किया और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। पुलिस ने अवरोधक लगाकर उन्हें रोका। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिले में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और स्थिति सामान्य है।
दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘नांगलोई थाने के ठीक बाहर खड़े होकर ‘सड़कों पर खून बहाने’ का भाषण दिया जा रहा है। अब तक मणिपुर और हरियाणा हिंसा का शिकार हुआ है, अब क्या दिल्ली को भी शिकार बनने दिया जाएगा? एक तरफ़ पुलिस कह रही है कि किसी ने गड़बड़ी की तो कार्रवाई की जाएगी? ये वीडियो कल (मंगलवार) से वायरल हैं? क्या पुलिस ने इस वीडियो की जाँच की? यदि वीडियो सही है तो गिरफ्तारी क्यों नहीं की गई?’’
मालीवाल ने इस ट्वीट के साथ एक वीडियो भी साझा किया और दावा किया कि यह क्लिप सोमवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई थी।
हालांकि, पुलिस ने मालीवाल के आरोप को खारिज कर दिया और कहा कि क्लिप रविवार की है। पुलिस ने कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर अलग-अलग हैंडल से एक वीडियो क्लिप अपलोड की गई है। यह क्लिप रविवार की है। वीडियो में दिख रहे ये संगठन शनिवार को मुहर्रम जुलूस के दौरान हुए दंगों के जवाब में इकट्ठा हुए थे। उनकी बात नांगलोई पुलिस थाने में मौजूद अधिकारियों ने सुनी और उसके बाद वे वहां से चले गए ...।’’
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हिंसा में अब तक छह लोगों की मौत हुई है और सोमवार को हुई झड़प के बाद से 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 90 को हिरासत में लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)