देश की खबरें | हरियाणा: नीलोखेड़ी में रेलगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा

चंडीगढ़, 25 फरवरी हरियाणा में करनाल जिले के नीलोखेड़ी में मंगलवार को एक यात्री (पैसेंजर) ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया। हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने करनाल से फोन पर बताया कि जब यह ट्रेन कुरूक्षेत्र से दिल्ली जा रही थी तब यह घटना घटी।

उन्होंने बताया कि किसी भी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है।

जीआरपी अधिकारी ने बताया, ‘‘ ट्रेन नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन पर रूकने के बाद मुश्किल से 100 मीटर ही आगे बढ़ी थी, तो पीछे के चौथे डिब्बे का एक पहिया पटरी से उतर गया। ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया।’’

जब अधिकारी से पूछा गया कि इसका क्या कारण हो सकता है तो उन्होंने कहा, ‘‘यह एक तकनीकी समस्या हो सकती है। रेलवे की तकनीकी टीम जांच के बाद सही कारण बता पाएगी।’’

उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद प्रभावित लाइन पर रेल यातायात पर असर पड़ा लेकिन शीघ्र ही इसे (यातायात को) बहाल कर लिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)