एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | हरियाणा: सैनी सरकार आज करेगी अपना पहला मंत्रिमंडल विस्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार मंगलवार को अपना पहला मंत्रिमंडल विस्तार करेगी और सूत्रों का कहना है कि इसमें छह से सात विधायकों को शामिल किया जा सकता है।

देश की खबरें | हरियाणा: सैनी सरकार आज करेगी अपना पहला मंत्रिमंडल विस्तार

चंडीगढ़, 19 मार्च हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार मंगलवार को अपना पहला मंत्रिमंडल विस्तार करेगी और सूत्रों का कहना है कि इसमें छह से सात विधायकों को शामिल किया जा सकता है।

सैनी और पांच मंत्रियों को पिछले सप्ताह मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।

मंत्रिमंडल के विस्तार के बारे पूछे जाने पर पूर्व मंत्री अनिल विज ने कहा "मुझे कोई जानकारी नहीं है।’’ साथ ही उन्होंने दोहराया कि वह परेशान नहीं हैं। विज पिछले सप्ताह शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आये थे।

विज संभवत: इस बात से नाराज थे कि जब पार्टी ने मनोहर लाल खट्टर को हटाकर सैनी को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया तो इस फैसले में उनकी अनदेखी की गई।

उन्होंने कहा कि उन्हें इसके बारे में पिछले हफ्ते यहां भाजपा विधायकों की बैठक में ही पता चला था, जिसमें सैनी के नाम की घोषणा की गई थी।

विज ने यहां संवाददाताओं से कहा, "यह मेरी जानकारी में नहीं था कि हमारे राज्य के मुख्यमंत्री को बदला जा रहा है। यह मेरे लिए एक चौंकाने वाली बात थी कि मुख्यमंत्री को बदला जा रहा है।"

इससे पहले मुख्यमंत्री सैनी ने पंचकूला में नाडा साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘विज हमारे सम्मानित नेता हैं और हमें नियमित रूप से उनसे मार्गदर्शन मिलता रहा है।’’

हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और अंबाला लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार बंतो कटारिया के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री मंगलवार को करनाल का दौरा करेंगे, जहां भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा हरियाणा में लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत करेंगे।

नड्डा के कार्यक्रम के बारे में भी विज ने कहा कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

हरियाणा के छह बार विधायक रह चुके अनिल विज भाजपा विधायक दल की उस बैठक से नाराज होकर चले गए थे, जिसमें सैनी को सर्वसम्मति से हरियाणा का मुख्यमंत्री नामित किया गया था।

मनोहर लाल खट्टर सरकार में गृह विभाग संभालने वाले विज का अक्सर मुख्यमंत्री के साथ विवाद होता रहता था। पहले कहा गया था कि वह भाजपा द्वारा अपनी अनदेखी किए जाने से नाराज़ थे।

यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा "मैंने पहले भी कहा है कि मैं भारतीय जनता पार्टी का एक समर्पित कार्यकर्ता हूं। मैं कभी किसी बात से नाराज नहीं होता। मुझे जो भी कहना है, मैं स्पष्ट रूप से कहता हूं।"

मुख्यमंत्री सैनी द्वारा एक रोड शो निकाले जाने पर, जो विज के प्रतिनिधित्व वाले विधानसभा क्षेत्र अंबाला छावनी से गुजरा, राज्य के पूर्व गृह मंत्री विज ने कहा "अगर सैनी मेरे आवास पर आते, तो मैं उन्हें चाय की पेशकश करता।"

जब उनसे खट्टर की पहले की उस टिप्पणी के बारे में पूछा गया जिसमें खट्टर ने कहा था कि विज आसानी से परेशान हो जाते हैं लेकिन बाद में ठीक भी हो जाते हैं, तो हरियाणा के पूर्व मंत्री ने कहा "मुझे नहीं पता कि उन्होंने ऐसा किस आधार पर कहा।"

इस सवाल पर कि क्या वह सैनी कैबिनेट में शामिल होना चाहते हैं, उन्होंने कहा 'यह एक काल्पनिक सवाल है।'

सूत्रों के मुताबिक, जिन लोगों को सैनी सरकार में शामिल किया जा सकता है, उनमें हिसार से विधायक कमल गुप्ता भी शामिल हैं, जो खट्टर मंत्रिमंडल में भी मंत्री थे। अन्य में अभय सिंह यादव, सीमा त्रिखा, सुभाष सुधा और बिशम्बर सिंह वाल्मीकि शामिल हैं।

हरियाणा मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 14 मंत्री हो सकते हैं। वर्तमान में हरियाणा मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री के अलावा पांच मंत्री हैं, जिनमें से चार भाजपा से और एक निर्दलीय हैं।

पिछले हफ्ते भाजपा ने एक आश्चर्यजनक कदम उठाया और लोकसभा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले मनोहर लाल खट्टर को हटा कर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से आने वाले नेता नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बना दिया था।

सैनी भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष हैं। उन्होंने एक सप्ताह पहले मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के कुछ घंटे बाद पांच मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सैनी सरकार ने पिछले बुधवार को राज्य विधानसभा के विशेष सत्र में विश्वास मत हासिल किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 19, 2024 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).