गुरुग्राम, 21 अक्टूबर आईएमटी मानेसर में मारुति सुजुकी संयंत्र के परिसर में एक तेंदुआ नजर आया है। वन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विभाग के एक दल ने इलाके का मुआयना किया लेकिन परिसर के भीतर या आसपास कोई तेंदुआ नजर नहीं आया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को सुबह 7:20 बजे सीसीटीवी कैमरे की मदद से एक कर्मचारी ने परिसर में तेंदुए को देखा और इसकी सूचना दी।
मारुति प्रबंधन ने कर्मचारियों और अन्य लोगों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और वन तथा वन्य जीव विभाग के अधिकारियों को सूचित किया।
आईएमटी मानेसर थाने के एसएचओ सुभाष चंद ने बताया, ‘‘सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ कासन गांव की ओर से संयंत्र परिसर में घुसते दिखाई दे रहा है, लेकिन दो घंटे की तलाशी के बावजूद वहां कोई तेंदुआ नहीं मिला।’’
प्रधान मुख्य संरक्षक एम. एस. मलिक ने बताया, ‘‘इस संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है कि तेंदुआ फैक्टरी से निकल कर वापस अरावली वन क्षेत्र में चला गया होगा। वन विभाग की टीम इलाके में नजर रख रही है और एहतियात बरत रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY