गुरुग्राम/नूंह, 14 अगस्त केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को कहा कि नूंह जिले में पिछले महीने हुई हिंसा के पीछे जिन लोगों का हाथ है, उनके खिलाफ हरियाणा सरकार कानूनी कार्रवाई करेगी।
इकत्तीस जुलाई को नूंह में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की शोभायात्रा पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद भड़की झड़पों में होमगार्ड के दो जवान और एक इमाम सहित छह लोगों की मौत हो गई थी और यह झड़प बाद में गुरुग्राम सहित आसपास के इलाकों में फैल गई थी।
गुरुग्राम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद सिंह ने हिंसा में जान गंवाने वाले एक होम गार्ड के परिवार के सदस्यों से मुलाकात भी की और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सिंह ने सर्किट हाउस में नूंह जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि नूंह जिले में शांति है और पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को विफल करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सिंह ने निवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सौहार्द बनाए रखने की भी अपील की।
प्रशासन गांव-गांव जाकर शांति समितियों के साथ बातचीत कर रहा है।
गुरुग्राम जिले के गढ़ी वाजिदपुर गांव के दौरे के दौरान सिंह ने हिंसा में जान गंवाने वाले होमगार्ड नीरज के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। सिंह ने कहा, "नीरज जैसे बहादुर युवाओं के कारण हम अपने देश में पूरी तरह से सुरक्षित हैं। नागरिकों की सुरक्षा के लिए नीरज ने जो बहादुरी दिखाई, वह हम सभी के लिए गर्व की बात है। केंद्र और राज्य सरकारें उनके परिवार के साथ हैं।’’
परिवार के सदस्यों द्वारा नीरज की पत्नी के लिए सरकारी नौकरी की मांग पर सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह इस बारे में हरियाणा सरकार को बताएंगे।
फतेहाबाद जिले के गुरसेव सिंह हिंसा में जान गंवाने वाले अन्य होम गार्ड थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY