देश की खबरें | हरियाणा: गौरक्षकों ने मवेशी ले जा रहे दो लोगों की पिटाई कर नहर में फेंका, एक की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के पलवल जिले में कथित तौर पर कुछ गौरक्षकों ने दो लोगों की पिटाई कर उन्हें नहर में फेंक दिया, जिससे एक पीड़ित की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

चंडीगढ़, चार मार्च हरियाणा के पलवल जिले में कथित तौर पर कुछ गौरक्षकों ने दो लोगों की पिटाई कर उन्हें नहर में फेंक दिया, जिससे एक पीड़ित की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मामले के 11 आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने 22 फरवरी को गौ तस्करी के संदेह में पलवल जिले में एक ट्रक को रोका था।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक मवेशियों को राजस्थान से लखनऊ लेकर जा रहा था, तभी रात के अंधेरे में चालक रास्ता भूल गया और हरियाणा के पलवल पहुंच गया, जहां यह घटना घटी।

बाइक सवार आरोपियों ने ट्रक चालक और हेल्पर को रोककर उनकी बुरी तरह पिटाई की और बाद में उन्हें नहर में फेंक दिया।

पलवल के पुलिस उपाधीक्षक (अपराध) मनोज वर्मा ने मंगलवार को बताया, "ट्रक चालक बालकिशन तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन हेल्पर संदीप का शव रविवार को नहर से निकाला गया।"

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवराज, निखिल, नरेश, पवन और पंकज के रूप में हुई है जो पलवल, गुरुग्राम और नूंह जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि संदीप के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसे कई गंभीर चोटें आई थीं।

वर्मा ने बताया कि चालक ने गायों के परिवहन से संबंधित कुछ दस्तावेज दिखाए जिनका सत्यापन किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\