देश की खबरें | हरियाणा: कांग्रेस ने आदमपुर विस उपचुनाव में पूर्व सांसद जय प्रकाश को दिया टिकट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा में विपक्षी कांग्रेस ने आदमपुर विधानसभा सीट पर अगले महीने होने वाले उपचुनाव में पूर्व सांसद जय प्रकाश को अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की।
चंडीगढ़, 12 अक्टूबर हरियाणा में विपक्षी कांग्रेस ने आदमपुर विधानसभा सीट पर अगले महीने होने वाले उपचुनाव में पूर्व सांसद जय प्रकाश को अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की।
पार्टी की ओर से यहां जारी एक बयान में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रकाश की उम्मीदवारी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
दो दिन पहले, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि कांग्रेस उपचुनाव में "मजबूत" उम्मीदवार को टिकट देगी।
कांग्रेस नेता किरण चौधरी ने उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप देने में देरी को लेकर सवाल उठाया था जिसके बाद हुड्डा की टिप्पणी आई थी।
प्रकाश को हुड्डा का करीबी माना जाता है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) ने तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव में अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी थी।
हिसार जिले की आदमपुर से कांग्रेस के विधायक कुलदीप बिश्नोई ने अगस्त में पद से इस्तीफा दे दिया था। वह चार अगस्त को भाजपा में शामिल हो गए थे। उनके इस्तीफे के कारण सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
भाजपा ने बिश्नोई के बेटे भव्य को टिकट दिया है।
उपचुनाव के लिए नामांकन पर्चा भरने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर है। नामाकंन पत्रों की जांच 15 अक्टूबर को की जाएगी जबकि 17 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं।
सीट पर तीन नवंबर को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा और मतगणना छह नवंबर को की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)