एजेंसी न्यूज

“जैसे को तैसा” टिप्पणी करने के बाद विपक्ष के निशाने पर आए हरियाणा के CM Manohar Lal Khattar

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की एक बैठक के दौरान “जैसे को तैसा” करने के बारे में कहा, जब उन्होंने वहां मौजूद लोगों से 500 से 1000 लोगों का समूह बनाने और जेल जाने के लिये भी तैयार रहने को कहा. इस पर, विपक्षी दलों और किसान संगठनों ने आरोप लगाया कि वह भाजपा समर्थकों से केंद्र के तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों पर हमले के लिये कह रहे थे.

“जैसे को तैसा” टिप्पणी करने के बाद विपक्ष के निशाने पर आए हरियाणा के CM Manohar Lal Khattar
मनोहर लाल खट्टर (Photo Credit: FB)

चंडीगढ़, 3 अक्टूबर: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की एक बैठक के दौरान “जैसे को तैसा” करने के बारे में कहा, जब उन्होंने वहां मौजूद लोगों से 500 से 1000 लोगों का समूह बनाने और जेल जाने के लिये भी तैयार रहने को कहा. इस पर, विपक्षी दलों और किसान संगठनों ने आरोप लगाया कि वह भाजपा समर्थकों से केंद्र के तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों पर हमले के लिये कह रहे थे.सोशल मीडिया पर खट्टर की टिप्पणी वाली एक वीडियो क्लिप वायरल हुई है और विपक्ष तथा संयुक्त किसान मोर्चा का आरोप है कि वह कथित भाजपा समर्थकों से प्रदर्शनकारी किसानों के खिलाफ लाठी उठाने के लिये कह रहे हैं.

कार्यक्रम में संभवत: किसान आंदोलन से पड़ने वाले प्रभाव के संदर्भ में खट्टर ने कहा कि दक्षिण हरियाणा में ज्यादा समस्या नहीं है और यह राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिलों तक सीमित है.उन्होंने कहा, “500,700,1000 लोगों का समूह बनाओ, उन्हें स्वयंसेवक बनाओ. और उसके बाद हर जगह ‘शठे शाठ्यं समाचरेत’. इसका क्या अर्थ है जैसे को तैसा. ”खट्टर ने कहा, “चिंता मत करो, …जब आप वहां (जेल में) एक महीने, तीन महीना या छह महीना रहोगे तो बड़े नेता बन जाओगे. इतिहास में नाम दर्ज होगा. ”यह भी पढ़े: हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्टर ने स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह को जयंती पर दी श्रद्धांजलि

इस टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने हरियाणा के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है.कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, “भाजपा समर्थक लोगों को आंदोलनकारी किसानों पर लट्ठ से हमला करने, जेल जाने और वहां से नेता बनकर निकलने का आपका (खट्टर का) ये गुरूमंत्र कभी कामयाब नहीं होगा. ”उन्होंने कहा, “संविधान की शपथ लेकर खुले कार्यक्रम में अराजकता फैलाने का ये आह्वान देशद्रोह है. मोदी -नड्डा जी की भी सहमति लगती है. ”उन्होंने कहा, “अगर प्रदेश का मुख्यमंत्री ही हिंसा फैलाने, समाज को तोड़ने और क़ानून व्यवस्था को ख़त्म करने की बात करेंगे, तो प्रदेश में क़ानून और सविंधान का शासन चल ही नहीं सकता. ”

सुरजेवाला ने आगे कहा, “आज भाजपा के किसान विरोधी षड्यंत्र का भंडाफोड़ हो ही गया. ऐसी अराजक सरकार को चलता करने का समय आ गया है. ”

कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारी मांग है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को तत्काल हटाया जाए. ऐसा मुख्यमंत्री जो संवैधानिक पद पर होने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं को किसानों के खिलाफ उकसा रहा है उसे पद पर रहने का अधिकार नहीं है. ’इंडियन नेशनल लोक दल के नेता अभय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया कि खट्टर ‘‘हिंसा की बोलकर’’ राज्या में अराजकता फैलाना चाहते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए. ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 04, 2021 12:11 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).