देश की खबरें | हरियाणा: भाजपा नेता असीम, विपुल और इनेलो के आदित्य ने नामांकन पत्र दाखिल किए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं असीम गोयल और विपुल गोयल ने पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चंडीगढ़, नौ सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं असीम गोयल और विपुल गोयल ने पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
इनके अलावा, पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल के पोते एवं इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के उम्मीदवार आदित्य देवी लाल ने भी नामांकन पत्र दाखिल किए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री असीम ने अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ मुख्यमंत्री सैनी और पार्टी के अन्य नेता भी थे।
हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।
पूर्व मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और कृष्ण पाल गुर्जर भी थे।
विपुल गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।’’
उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए विश्वास जताया कि फरीदाबाद निर्वाचन क्षेत्र में ‘कमल’ (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेगा।
उन्होंने कहा कि सभा में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने दिखा दिया है कि वे कांग्रेस के के झांसे में नहीं आने वाले हैं। उन्होंने कहा, ‘‘फरीदाबाद के लोगों को भाजपा पर भरोसा है।’’
आदित्य देवीलाल ने डबवाली सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वह रविवार को भाजपा छोड़कर इनेलो में शामिल हुए थे और उन्हें डबवाली से चुनाव मैदान में उतारा गया।
आदित्य, देवीलाल के सबसे छोटे बेटे जगदीश चौटाला के पुत्र हैं। आदित्य का मुकाबला जननायक जनता पार्टी (जजपा) के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला और पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के भाई से है। दिग्विजय, देवीलाल के परपोते हैं।
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला और उनकी पत्नी कांता चौटाला ने डबवाली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से राज्य विधानसभा चुनावों में आदित्य की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित पंजाब की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने देवीलाल और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बीच घनिष्ठ संबंधों को याद किया।
उन्होंने कहा कि उनके विवाह के बाद, उनके ससुर प्रकाश सिंह बादल ने पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल को परिवार का एक बुजुर्ग व्यक्ति बताते हुए परिचय कराया था। उन्होंने लोगों से आदित्य के लिए वोट करने की अपील की।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर है। नामांकन पत्रों की जांच 13 सितंबर को की जाएगी और 16 सितंबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 09, 2024 08:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

