देश की खबरें | दूषित पानी के स्थायी समाधान के लिए हरियाणा और राजस्थान बनाएंगे संयुक्त निरीक्षण दल: खट्टर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को कहा कि राजस्थान के भिवाड़ी से राज्य के धारुहेड़ा गांव में आ रहे 'दूषित पानी' की समस्या के समाधान के लिए दोनों राज्यों के अधिकारियों का एक संयुक्त निरीक्षण दल बनाया जाएगा।

चंडीगढ़, 30 जुलाई हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को कहा कि राजस्थान के भिवाड़ी से राज्य के धारुहेड़ा गांव में आ रहे 'दूषित पानी' की समस्या के समाधान के लिए दोनों राज्यों के अधिकारियों का एक संयुक्त निरीक्षण दल बनाया जाएगा।

हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारुहेड़ा में दोनों राज्यों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए खट्टर ने बताया कि भिवाड़ी की औद्योगिक इकाइयों से धारुहेड़ा में आ रहे दूषित पानी की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के हवाले से जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि समस्या के निदान के लिए सोमवार तक एक संयुक्त निरीक्षण दल का गठन कर दिया जाएगा।

खट्टर ने बताया कि यह दल सभी बिंदुओं पर गौर करते हुए समस्या का स्थायी समाधान निकालेगा।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा बैठक में हरियाणा और राजस्थान के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम बनाने पर भी सहमित बनी है। यह एक तरह की समन्वय समिति होगी और इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार काम करेगी।

बयान के अनुसार, खट्टर ने राजस्थान सरकार के अधिकारियों से कहा,‘‘अगर इस गंभीर समस्या का कोई समाधान नहीं निकला तो हरियाणा सरकार को कठोर विकल्पों पर विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।’’

मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि धारुहेड़ा के लोगों को भिवाड़ी से आ रहे दूषित पानी के कारण स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

खट्टर ने बताया कि पानी के प्रवाह की जांच के लिए तीन संयुक्त बहाव मीटर लगाए जाएंगे और इसके साथ ही पानी की गुणवत्ता पर भी नजर रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि राजस्थान के भिवाड़ी में 31 अगस्त तक एक तंत्र स्थापित किया जाएगा जिससे दूषित जल को शोधन केंद्र तक ले जाया जाएगा और वहां से जल शोधित कर इस्तेमाल किया जाएगा।

खट्टर ने शनिवार को कहा था कि उन्होंने भिवाड़ी से धारूहेड़ा की ओर आने वाले दूषित पानी का मुद्दा राजस्थान के अपने समकक्ष अशोक गहलोत के समक्ष उठाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\