खेल की खबरें | हैरी ब्रूक को इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम का कप्तान बनाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. जोस बटलर के पिछले महीने आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी में इंग्लैंड के लचर प्रदर्शन को देखते हुए कप्तानी छोड़ने के बाद हैरी ब्रूक को सोमवार को देश की सीमित ओवरों की टीम का कप्तान नियुक्त किया गया।
लंदन, सात अप्रैल जोस बटलर के पिछले महीने आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी में इंग्लैंड के लचर प्रदर्शन को देखते हुए कप्तानी छोड़ने के बाद हैरी ब्रूक को सोमवार को देश की सीमित ओवरों की टीम का कप्तान नियुक्त किया गया।
ब्रूक को पिछले साल की आईपीएल नीलामी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स ने अनुबंधित किया था लेकिन इंग्लैंड के अपने करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए वह आईपीएल 2025 से हट गए थे और बाद में उन पर लीग में खेलने से दो साल का प्रतिबंध लगा दिया गया।
छब्बीस वर्षीय ब्रूक जनवरी 2022 में पदार्पण के बाद से इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम का अहम हिस्सा रहे हैं और पिछले एक साल से वह एकदिवसीय और टी20 दोनों टीम में उपकप्तान के रूप में खेल रहे थे।
ब्रूक ने पिछले साल सितंबर में बटलर की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में भी इंग्लैंड की कप्तानी की थी।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) द्वारा जारी एक बयान में ब्रूक ने कहा, ‘‘इंग्लैंड के सफेद गेंद के कप्तान के रूप में नामित होना बेहद सम्मान की बात है। जब से मैं व्हार्फडेल के बर्ले में क्रिकेट खेलता था तब से मैं यॉर्कशर का प्रतिनिधित्व करने, इंग्लैंड के लिए खेलने और शायद एक दिन टीम का नेतृत्व करने का सपना देखता था। अब यह मौका मिलना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।’’
आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में इंग्लैंड की कप्तानी कर चुके ब्रूक ने अब तक 26 एकदिवसीय मैच में 34.00 की औसत से 816 रन बनाए हैं जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 110 रहा है।
टी20 में उन्होंने 44 मैच खेले हैं जिसमें 81 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। वह 2022 में आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे।
इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट के प्रबंध निदेशक रॉब की ने कहा, ‘‘वह कुछ समय से हमारी उत्तराधिकार योजना का हिस्सा था, हालांकि यह अवसर उम्मीद से थोड़ा पहले आ गया।’’
इंग्लैंड 2025 में सीमित ओवरों के क्रिकेट का अपना अभियान मई के अंत में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के साथ शुरू करेगा जिसमें तीन एकदिवसीय और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 07, 2025 05:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

