देश की खबरें | हरजिंदर सिंह धामी एसजीपीसी के नए अध्यक्ष बने
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के मानद मुख्य सचिव हरजिंदर सिंह धामी को सोमवार को सिखों के शीर्ष धार्मिक संगठन का अध्यक्ष घोषित किया गया। धामी ने बीबी जागीर कौर का स्थान लिया है।
अमृतसर, 29 नवंबर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के मानद मुख्य सचिव हरजिंदर सिंह धामी को सोमवार को सिखों के शीर्ष धार्मिक संगठन का अध्यक्ष घोषित किया गया। धामी ने बीबी जागीर कौर का स्थान लिया है।
शिरोमणि अकाली दल ने कौर को कपूरथला जिले की भोलाथ विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। बादल परिवार के करीबी धामी होशियारपुर जिले के श्याम चौरासी खंड से एसजीपीसी के सदस्य हैं।
अमृतसर में तेजा सिंह समुंद्री हॉल में एसजीपीसी की वार्षिक आम सभा की बैठक के दौरान संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह भिट्टेवाड और अन्य सदस्य हरविंदर सिंह खालसा ने अध्यक्ष पद के लिए धामी का नाम प्रस्तावित किया। वहीं, विपक्षी खेमे के कुछ सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए गुप्त मतदान की मांग उठायी।
विपक्षी खेमे ने एसजीपीसी अध्यक्ष पद के लिए मिट्ठू सिंह का नाम प्रस्तावित किया। बाद में धामी को 122 वोट मिले जबकि सिंह को 19 वोट मिले।
वहीं, करनैल सिंह पंजोली को एसजीपीसी का महासचिव चुना गया। पंजोली को 112 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी गुरप्रीत सिंह को 21 वोट मिले और एक वोट खारिज कर दिया गया। रघुजीत सिंह विर्क को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और सुरेंद्र सिंह को कनिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। एसजीपीसी आमसभा सत्र के दौरान 11 सदस्यीय कार्यकारी समिति का चयन किया गया।
एसजीपीसी का अध्यक्ष चुने जाने के बाद धामी ने हंगामेदार स्थिति का हवाला देते हुए कहा, '' एसजीपीसी के आमसभा सत्र का एक प्रोटोकॉल और आचार संहिता है। दुर्भाग्यवश, कुछ विपक्षी सदस्य गुरु साहिब का सम्मान भूल गए और हंगामा किया। हम गुरु साहिब की मौजूदगी में मर्यादा का उल्लंघन किए जाने की निंदा करते हैं।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)